जमुई : जिले में अवैध शराब के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान के तहत उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सोनो थानान्तर्गत डुमरी चेकपोस्ट पर सघन वाहन जांच के दौरान 589.5 लीटर विदेशी शराब के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। उत्पाद अधीक्षक जमुई के नेतृत्व में टीम ने गिरिडीह (झारखंड) की ओर से आ रही एक महिंद्रा बोलेरो पिकअप (नं. JH-12P-0104) को रोका।
प्लास्टिक की पानी की टंकी में छुपाकर ले जाई जा रही शराब की बड़ी खेप बरामद हुई
गहन तलाशी लेने पर वाहन पर लदी प्लास्टिक की पानी की टंकी में छुपाकर ले जाई जा रही शराब की बड़ी खेप बरामद हुई। बरामद शराब में ब्लैक टाइगर व्हिस्की एवं ओल्ड हैबिट व्हिस्की शामिल है। कुल 65.5 पेटियों में 996 बोतलें बरामद हुईं, जिनकी कुल मात्रा 589.500 लीटर है। वहीं पुलिस ने राजीव रंजीव कुमार दास और विशेषेश्वर सिंह को गिरफ्तार किया है। दोनों झारखंड के कोडरमा जिला नवलशाही थाना क्षेत्र के बच्छेडीह गांव के निवासी हैं।
उत्पाद विभाग ने तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप को जब्त कर लिया है
उत्पाद विभाग ने तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप को जब्त कर लिया है। दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत उत्पाद विभाग या स्थानीय प्रशासन को दें। सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी। प्रशासन ने नशा मुक्त जमुई बनाने में सहयोग की अपील की है।
जमुई से हेमंत सक्सेना की रिपोर्ट