भूमि विवाद ने लिया खूनी रंग, छह लोगों के खिलाफ थाने में आवेदन

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Sujeet Kumar
Updated at : Jul 15, 2026, 6:58:00 AM

जमुई जिले के आदर्श थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरब टोला में भूमि विवाद को लेकर एक परिवार पर जानलेवा हमला और लूट का मामला सामने आया है। पीड़ित मोहम्मद परवेज अख्तर उर्फ सोनू ने सोमवार को आदर्श थाना में आवेदन देकर छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।

पीड़ित के अनुसार घटना 14 जुलाई को दोपहर करीब एक बजे के करीब उनके पड़ोसी मोहम्मद आलम, उनके पुत्र मोहम्मद सद्दाम, मोहम्मद आबिद उर्फ बड़कू, मोहम्मद जावेद उर्फ छोटू, मोहम्मद शहबाज उर्फ बबुआ और मोहम्मद टिंकू सभी हाथों में धारदार हथियार लेकर उनके घर पहुंचे और गाली गलौज करते हुए पूर्व में हुए केस को वापस लेने तथा जमीन छोडने की बात कहने लगे। आरोपी के अनुसार उसने जब न कहा तो उनके साथ मारपीट करने के लिए अन्य लोगों को मोहम्मद आलम के द्वारा उकसाया गया।

आवेदक ने आरोप लगाया है कि मोहम्मद सद्दाम ने कमर से पिस्टल निकालकर फायर किया, जिसके बाद गोली बगल से निकल गई। इसके बाद लोहे के सरिया से पीड़ित के दाहिने घुटने पर हमला किया गया। जिससे वह जख्मी हो गए। बीच-बचाव में आई पत्नी यासमीन खातून के साथ भी मारपीट की गई और गले से लगभग दो लाख रुपये की सोने की चेन छीन ली गई। आवेदक ने यह भी आरोप लगाया है कि मोहम्मद जावेद ने मारपीट के दौरान जेब से करीब 10 हजार रुपये भी निकाल लिए। जबकि मोहम्मद शहबाज, मोहम्मद जावेद और मोहम्मद टिंकू ने घर में घुसकर बक्से से एक लाख रुपये नकद और डेढ़ तोला सोना लूटा और मौके से फरार हो गए। जाते समय आरोपियों ने धमकी दी कि थाना जाओगे तो जान से मार देंगे और झूठा केस कर देंगे।

आवेदनकर्ता ने बताया है कि आरोपियों के खिलाफ थाना में पहले से कांड दर्ज है। 14 मई 2026 को आलम की पत्नी द्वारा किए गए झूठे मुकदमे में उनकी जमानत चार जुलाई 2026 को हुई थी। पीड़ित का कहना है कि 04, 06 और 08 जुलाई को समाज के लोगों ने पंचायत की पहल की थी लेकिन आरोपी पंचायत में नहीं आए। जिसके बाद 13 जुलाई को थाना अध्यक्ष से मिलने का समय भी लिया गया था। मोहम्मद परवेज अख्तर ने थाना अध्यक्ष से सभी नामित आरोपियों के खिलाफ अविलंब कानूनी कार्रवाई कर न्याय दिलाने की मांग की है। आवेदन के साथ उन्होंने पूर्व में दी गई लिखित शिकायत की प्रतिछाया भी संलग्न की है।

इस मामले पर जमुई टाउन थाना अध्यक्ष ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। उसके बाद उचित कार्यवाई की जाएगी।

जमुई से हेमंत सक्सेना की रिपोर्ट