जमुई : जिला मुख्यालय में साइकिल चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। दिनदहाड़े साइकिलें चोरी होने से क्षेत्र के लोग भयभीत और परेशान हैं।
जानकारी के अनुसार महिसौड़ी और लगमा नहर सहित शहर के अलग-अलग इलाकों से साइकिल चोरी के मामले सामने आए हैं। कई जगहों के सीसीटीवी फुटेज में चोर साइकिल चोरी करते कैद हुए हैं। बावजूद इसके पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही।
महिसौड़ी में कुछ दिन पहले नशे की हालत में एक चोर को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पिटाई की थी। पूछताछ में उसने चोरी कबूल की और बताया कि वह साइकिल 500 रुपये में बेच देता है। जबकि आज की महंगाई में एक साइकिल 10 से 12 हजार रुपये की आती है।
पीड़ित ने लगाया लापरवाही का आरोप
टाउन थाना क्षेत्र के लगमा नहर स्थित बीके इलेक्ट्रिकल के प्रोपराइटर प्रवीण कुमार ने बताया कि दिनदहाड़े करीब 3:30 बजे उनके दुकान के नीचे से बेटे की साइकिल चोरी हो गई। घटना सीसीटीवी में भी कैद है। उन्होंने थाने में आवेदन दिया और 112 पर भी सूचना दी। 112 की टीम मौके पर पहुंची लेकिन टाउन थाना पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की।
प्रवीण कुमार ने कहा कि "महंगाई के दौर में बार-बार साइकिल चोरी होने के बाद नया साइकिल खरीदना बहुत मुश्किल है। बेटे के चेहरे पर मायूसी है। हमने खुद भी खोजबीन की लेकिन कुछ पता नहीं चला।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस सिर्फ आवेदन लेकर बैठ जाती है, न जांच होती है न पूछताछ। एक तरफ पुलिस सुरक्षा का दावा करती है, दूसरी तरफ चोरी की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही।
पीड़ितों ने प्रशासन से मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाए और चोरी की साइकिलें बरामद की जाएं।
जमुई से हेमंत सक्सेना की रिपोर्ट