INDIA गठबंधन ने दिखायी एकजुटता, कोसी स्नातक MLC चुनाव को लेकर कार्यकर्ता-मतदाता संवाद कार्यक्रम संपन्न

कोसी प्रमंडल के बहुचर्चित स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से होने वाले विधान परिषद (MLC) चुनाव को लेकर सियासी पारा अब चढ़ने लगा है।

जमुई : कोसी प्रमंडल के बहुचर्चित स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से होने वाले विधान परिषद (MLC) चुनाव को लेकर सियासी पारा अब चढ़ने लगा है। इसी कड़ी में आज जमुई जिला मुख्यालय स्थित +2 उच्च विद्यालय के रावणेश्वर हॉल में इंडिया गठबंधन समर्थित राजद उम्मीदवार नितेश कुमार यादव के समर्थन में एक विशाल कार्यकर्ता-मतदाता संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्वांचल के कद्दावर नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश नारायण यादव रहे। उनके साथ मंच पर इंडिया गठबंधन समर्थित उम्मीदवार नितेश कुमार यादव मौजूद रहे। हॉल खचाखच सैकड़ों कार्यकर्ताओं और स्नातक मतदाताओं से भरा रहा।

महागठबंधन की एकजुटता आई नजर

इस संवाद कार्यक्रम में महागठबंधन के सभी घटक दलों राजद, कांग्रेस व वामदल सहित सभी दलों के जिला अध्यक्ष, सभी प्रखंडों के प्रखंड अध्यक्ष, नगर अध्यक्ष, पंचायत अध्यक्ष, बूथ स्तर के कार्यकर्ता और समाज के प्रबुद्ध स्नातक मतदाता बड़ी संख्या में पहुंचे। कार्यक्रम में पूर्व प्रत्याशी शमशाद आलम सहित कई सम्मानित नेतागण भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी ने एक सुर में इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार को जिताने का संकल्प लिया।

क्या बोले नेता

अपने संबोधन में पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश नारायण यादव ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि यह चुनाव सिर्फ एमएलसी का चुनाव नहीं है, यह स्नातक युवाओं के भविष्य का चुनाव है। भाजपा-जदयू ने स्नातकों को सिर्फ ठगा है। नितेश कुमार यादव जैसा शिक्षित, युवा और संघर्षशील उम्मीदवार ही सदन में आपकी आवाज बुलंद कर सकता है। वहीं उम्मीदवार नितेश कुमार यादव ने अपने संबोधन में कहा कि मैं वादा करता हूं, अगर आप लोगों ने मुझे विधान परिषद भेजा तो स्नातकों के रोजगार, शिक्षकों की समस्याओं, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए मैं सदन से सड़क तक लड़ाई लडूंगा। यह चुनाव जमुई, खगड़िया, सहरसा, मधेपुरा, सुपौल सहित पूरे कोसी के स्नातकों के स्वाभिमान का चुनाव है।

कार्यकर्ताओं ने लिया संकल्प

कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने हाथ उठाकर संकल्प लिया कि वे घर-घर जाकर एक-एक स्नातक मतदाता को जागरूक करेंगे और इंडिया गठबंधन समर्थित उम्मीदवार को भारी मतों से विजयी बनाएंगे। पूरे कार्यक्रम के दौरान हॉल में उत्साह और जोश का माहौल बना रहा।

जमुई से हेमंत सक्सेना की रिपोर्ट