फेसबुक से दोस्ती फिर शादी, अब दरोगा पर प्रताड़ना का आरोप, युवती ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Sujeet Kumar
Updated at : Jul 18, 2026, 3:25:00 PM

राज्य के जिले से हैरान करने वाली खबर है। यहां जिले में पदस्थापित एक दारोगा पर एक महिला के साथ शरीरिक और मानसिक प्रताडना देने का आरोप लगा है। युवती ने अब जिले के एसपी से न्याय की गुहार लगायी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

मिली खबर के अनुसार मुंगेर जिले के लल्लूपोखर निवासी विनोद सहनी की पुत्री करिश्मा ने शुक्रवार को समाहरणालय स्थित एसपी कार्यालय पहुंचकर जमुई के एसपी विश्वजीत दयाल को आवेदन सौंपते हुए अपने पति बताए जा रहे जिले के चंद्रदीप थाना में पदस्थापित एसआई कुंदन कृष्णन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने शारीरिक एवं मानसिक प्रताड़ना, मारपीट, जान से मारने की धमकी तथा पुलिसकर्मियों द्वारा अभद्र व्यवहार किए जाने का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।  

करिश्मा ने बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व फेसबुक के माध्यम से उसकी पहचान गया जिले के रहने वाले और वर्तमान में जमुई में एसआई के पद पर कार्यरत कुंदन कृष्णन से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और यह दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई। महिला का दावा है कि इसके बाद कुंदन कृष्णन 13 फरवरी 2026 को मुंगेर पहुंचे, जहां चंडिका स्थान मंदिर में दोनों ने विवाह कर लिया। पीड़िता का आरोप है कि शादी के शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य रहा। उसने बताया कि उसके पति कहते थे, उनके बड़े भाई की शादी होगी तो उसको वे अपने घर ले जाएंगे। शादी के छह महिने बाद उसको साथ रखने से इनकार कर दिया। जब उसने वैवाहिक जीवन साथ बिताने की बात कही तो उसके साथ मारपीट की गई और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। 

महिला ने आवेदन में यह भी आरोप लगाया कि 11 जुलाई को उसके पति ने उसे जमुई स्थित अपने किराये के मकान पर बुलाया, जहां उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया। इसके बाद उस पर पांच लाख रुपये लेकर अलग हो जाने का दबाव बनाया गया। विरोध करने पर उसे जबरन थाना परिसर ले जाया गया, जहां जान से मारने की धमकी दी गई। करिश्मा का आरोप है कि वहां मौजूद कुछ पुरुष एवं महिला पुलिसकर्मियों ने भी उसके साथ गाली-गलौज, अभद्र व्यवहार और मारपीट की तथा उसे वहां से भगा दिया। पीड़िता ने एसपी से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए उसे न्याय दिलाया जाए। वहीं, इस मामले में जब एसआई कुंदन कृष्णन से संपर्क किया गया तो उन्होंने महिला के साथ शादी होने के दावे से साफ इनकार किया। हालांकि उन्होंने फेसबुक के माध्यम से पहचान होने की बात स्वीकार की। दोनों की साथ वाली तस्वीरों के संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता कि वह तस्वीर कब की है।

इधर, जमुई के पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने बताया कि उन्हें आवेदन प्राप्त हुआ है। मामला जांच का विषय है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

जमुई से हेमंत की रिपोर्ट