CM सम्राट ने सरदार पटेल की प्रतिमा का किया अनावरण, बिहार में औद्योगिक विकास और 'अखंड भारत' पर ये बोले

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को जमुई जिले में देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया। साथ ही सीएम ने बिहार में औद्योगिक विकास को गति देने का ऐलान किया।

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को जमुई जिले के झाझा प्रखंड स्थित न्यू बोड़वा बस स्टैंड के समीप देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया। सीएम ने सरदार पटेल की प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किया और राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए सरदार पटेल के योगदान को याद किया। सीएम सम्राट ने सरदार पटेल के दिखाए मार्ग पर चलने का आह्वान किया और अखंड भारत के निर्माण में सरदार पटेल की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। 

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अखंड भारत के निर्माण में सरदार पटेल की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा-भारत को एकजुट करने का सपना कोई नया नहीं था। हजारों वर्ष पहले पंडित चाणक्य ने एक सशक्त और एकीकृत भारत की कल्पना की थी। उनके विचारों को सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य ने आगे बढ़ाया। इसी परंपरा में आधुनिक भारत में सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की रियासतों को एकजुट कर अखंड भारत की मजबूत नींव रखने का काम किया।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि सरदार पटेल ने जिस भारत का सपना देखा था, उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी वर्तमान पीढ़ी की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्ध बिहार का सपना देखा है, इसे पूरा करना बिहार सरकार की प्राथमिकता है। बिहार में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए पूरे राज्य में उद्योगों की स्थापना का कार्य शुरू हो चुका है।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिये राज्य में 100 से अधिक और नये बस स्टैंड बनाये जायेंगे। स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य बिहार के लोगों को स्वस्थ, शिक्षित और समृद्ध बनाना है। जिला अस्पतालों को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है। वर्तमान में 36 प्रकार के ऑपरेशन की सुविधाएं जिला अस्पतालों में उपलब्ध हैं।

मुख्यमंत्री ने लोगों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि सरकार जनता से जुड़े मुद्दों और उनकी जरूरतों को लेकर पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।  मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के विकास के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में विकास को गति देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य को मजबूत बनाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार के स्तर पर कई योजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान सरदार पटेल की आदमकद प्रतिमा के अनावरण को लेकर स्थानीय लोगों में भी काफी उत्साह देखने को मिला। प्रतिमा को लेकर लोगों ने कहा कि इससे आने वाली पीढ़ियों को सरदार पटेल के योगदान और उनके विचारों को जानने का अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में लोगों से देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए मिलकर काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारत की मजबूती उसकी एकता में है और देश के विकास के लिए सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ना जरूरी है।