बिहार के जमुई जिले से रोंगटे खड़ी करने वाली खबर है। मिली जानकारी के अनुसार यहां एक पोस्टमार्टम हाउस में स्ट्रेचर पर एक सड़ा-गला शव मिला। शव मिलने की खबर सामने आते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड एकत्र हो गयी। सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग हरकत में आये। अब पूरे मामले की पडताल की जा रही है।
मिली खबर के अनुसार जिले के त्रिपुरारी घाट स्थित वर्षों से बंद पड़े पोस्टमार्टम हाउस में बुधवार को स्ट्रेचर पर एक सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। बंद कमरे के अंदर शव पड़ा था और बाहर से गेट पर ताला लगा हुआ था। स्थानीय लोगों के अनुसार, पोस्टमार्टम हाउस के पास से गुजर रहे कुछ युवकों को तेज दुर्गंध महसूस हुई। संदेह होने पर जब अंदर जाकर देखा गया तो स्ट्रेचर पर एक शव पड़ा था। शव काफी हद तक सड़ चुका था और उस पर कीड़े भी पड़े थे। सूचना पर आसपास लोगों की भीड़ जुट गई।
सवाल यह बना हुआ है कि वर्षों से बंद पड़े इस पोस्टमार्टम हाउस में शव कैसे पहुंचा। यह शव किसका है और कब से यहां पड़ा है, इसकी जानकारी किसी को नहीं है। स्थानीय स्तर पर हत्या के बाद शव छिपाने की भी चर्चा हो रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। क्या यह किसी अज्ञात व्यक्ति का शव है जिसे पोस्टमार्टम के बाद यहां छोड़ दिया गया, या इसे किसी अन्य स्थान से लाकर यहां रखा गया, इन सभी बिंदुओं पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
इस घटना ने स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों में चर्चा है कि अंदर और भी शव तो नहीं हैं। फिलहाल पुलिस और स्वास्थ्य विभाग मामले की जांच में जुट गए हैं। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। शव की पहचान और उसे यहां लाने वाले की तलाश की जा रही है।
जमुई से हेमंत की रिपोर्ट