कही कार चोरी तो कही Video सूट के मामले में फरार 2 गिरफ्तार, भेजे गए जेल

जिले में अपराध पर नियंत्रण पाने के लिए पुलिस कप्तान विनय तिवारी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मांझागढ़ थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

मांझागढ़ (गोपालगंज) : जिले में अपराध पर नियंत्रण पाने के लिए पुलिस कप्तान विनय तिवारी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मांझागढ़ थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को उनके ठिकानों से गिरफ्तार कर बुधवार को जेल भेज दिया।

Video बनाने पर पति-पत्नी से मारपीट और चोरी

पहला मामला सरकारी बरगद का पेड़ काटने का वीडियो बनाने से जुड़ा है। जानकारी के अनुसार, 25 अगस्त 2026 को मांझागढ़ थाना क्षेत्र के धर्म परसा बथुआ टोला गांव में गिरे एक सरकारी बरगद के पेड़ को चोरी-छिपे काटा जा रहा था। गांव की शीला देवी (पति अशोक यादव) जब इसका वीडियो बनाने लगीं, तो आरोपी सोनू यादव और उनके सहयोगियों ने महिला और उनके पति के साथ घर में घुसकर लाठी-डंडों से मारपीट की और घायल कर दिया। 

आरोपियों ने घर में रखे 25 हजार रुपए भी चुरा लिए - पीड़िता

पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने घर में रखे 25 हजार रुपए भी चुरा लिए। इस घटना के संदर्भ में दो सितंबर 2026 को मांझागढ़ थाना कांड संख्या 381/26 के तहत सुरेश यादव सहित 13 लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मंगलवार की रात पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर फरार आरोपी सुरेश यादव को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।

चोरी की कार का इस्तेमाल करने का आरोपी धराया

दूसरा मामला चोरी की कार का उपयोग करने से जुड़ा है। मांझागढ़ थाना कांड संख्या 10/26 में पुलिस ने सिपाह खास गांव निवासी प्रमोद महतो और अच्छेलाल महतो के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। मामले में फरार चल रहे आरोपी प्रमोद महतो के घर पर मंगलवार की रात पुलिस ने दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया। मांझागढ़ थाना प्रभारी निरंजन कुमार ने बताया कि दोनों गिरफ्तार अभियुक्तों से सघन पूछताछ के बाद बुधवार को उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

गोपालगंज से अजय श्रीवास्तव की रिपोर्ट