गोपालगंज: बिहार के गोपालगंज जिले में सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर धार्मिक और सामुदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। जिले के कटेया थाना क्षेत्र से फेसबुक पर आपत्तिजनक टिप्पणी पोस्ट करने वाले एक युवक को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है।
सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान सामने आया मामला..
बीते 17 अक्टूबर 2026 को कटेया पुलिस द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कड़ी नजर रखी जा रही थी। इसी क्रम में, फेसबुक पर एक विवादास्पद और भड़काऊ टिप्पणी पोस्ट किए जाने का मामला अधिकारियों के संज्ञान में आया।
सूचना मिलते ही कटेया थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने तत्काल संबंधित फेसबुक पोस्ट का अवलोकन किया और उससे जुड़े तथ्यों का गहराई से सत्यापन किया। जांच में यह बात सामने आई कि उक्त पोस्ट की विषयवस्तु से धार्मिक एवं सामुदायिक सौहार्द प्रभावित होने तथा क्षेत्र की लोक शांति भंग होने की प्रबल आशंका थी।
त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तारी..
मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस टीम ने बिना देर किए डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित और संकलित किया। इसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद अभियुक्त पूरन सिंह कुशवाहा को धर दबोचा गया।गिरफ्तार आरोपी पूरन सिंह कुशवाहा मूल रूप से कटेया थाने के राजापुर गांव के रहने वाले रामनाथ सिंह का पुत्र है।
बोले एसपी...
इस पूरे मामले पर गोपालगंज के पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी जारी की है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली किसी भी आपत्तिजनक, भड़काऊ या अफवाह फैलाने वाली सामग्री पर जिला पुलिस की पैनी नजर है।जिले में सामाजिक सौहार्द और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद और सतर्क है। समाज का माहौल खराब करने या गंदगी फैलाने वाले किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा, उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट