गोपालगंज: जिले क़े सिधवलिया थाना क्षेत्र के सरेया पहाड़ गांव के पास से चोरी हुई ऑटो मामले का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सफल उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में संलिप्त कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, साथ ही चोरी किए गए ऑटो का भी सुराग लगा लिया है।
घटना 02 अक्टूबर 2026 की है, जब सरेया पहाड़ गांव के पास से अज्ञात चोरों द्वारा एक ऑटो चोरी कर ली गई थी. घटना की सूचना मिलते ही सिधवलिया थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अज्ञात चोरों के विरुद्ध कांड संख्या 225/26 दर्ज कर तफ्तीश शुरू की। वही मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी के निर्देशन में एक विशेष अनुसंधान टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। मानवीय सूचनाओं और तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुँचने में सफल रही।
पुलिस टीम ने सबसे पहले बेतवनिया में छापेमारी कर राम विनय कुमार गिरफ्तार किया। कड़ाई से पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर घटना में शामिल सरेया पहाड़ निवासी अरबाज अली और सुखारी यादव की पहचान की गई। इसके बाद आगे की कार्रवाई करते हुए पुलिस ने रवि कुमार और धीरज कुमार को भी बेतवनिया क्षेत्र से दबोच लिया।
पूछताछ के दौरान यह बात सामने आई कि सिवान जिले क़े तरवारा सलारपुर निवासी बाशिष्ट यादव क़े पुत्र रवि कुमार इस चोरी में लाइनर का काम किया था। चोरी की गई ऑटो को बिक्री के मकसद से छपरा जिले के एकमा थाना अंतर्गत बेतवनिया निवासी धीरज कुमार (पिता- उपेंद्र राय) के घर छुपाकर रखा गया था। पूछताछ में धीरज कुमार ने भी ऑटो को बेचने के उद्देश्य से अपने पास रखने की बात स्वीकार की है। सिधवलिया थाना पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से इस पूरे अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश हो गया है। पुलिस प्रशासन द्वारा गिरफ्तार सभी पांचों आरोपियों के खिलाफ विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।
गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट