गोपालगंज। कटेया थाना क्षेत्र के धनौती गांव से एक जमीन से जुड़ा मामला सामने आया है। जहां पुलिस के प्राथमिकी न दर्ज करने से परेशान होकर पीड़ित ने न्याय की उम्मीद को लेकर गोपालगंज एसपी विनय तिवारी का दरवाजा खटखटाया है। पीड़ित मूल रूप से कटेया थाना इलाके क़े धनौती गांव निवासी राजेंद्र भगत के पुत्र प्रमोद कुमार हैं।
एसपी को सौंपे गए लिखित आवेदन में प्रमोद ने आरोप लगाया है कि जब वह जेल में बंद थे, उसी दौरान उनके गांव क़े दबंगों द्वारा उनकी कृषि योग्य भूमि से 1000 ट्रॉली अवैध रूप से मिट्टी की कटाई कर ली गई। जिससे उनका कृषि योग्य भूमि पूरी तरह से बर्बाद हो गया और पीड़ित किसान को 5 लाख का नुकसान हुआ।
अवैध खनन के कारण उपजाऊ कृषि भूमि एक गहरे गड्ढे में तब्दील हो गया। पीड़त जब जेल से बाहर आया तो कटेया थाने में लिखित आवेदन दिया। लेकिन थानाध्यक्ष द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई और न ही प्राथमिकी दर्ज की गई। थाना स्तर पर सुनवाई न होने से निराश पीड़ित ने एसपी विनय तिवारी से निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और अपनी भूमि के नुकसान की भरपाई कराने की गुहार लगाई है।
क्या कहते हैं थानेदार..
इस मामले में कटेया थानाध्यक्ष अवधेश कुमार से बात की गई तो उन्होंने बताया कि पीड़ित की तरफ से आवेदन प्राप्त हुआ है। जमीन के स्वामित्व को लेकर सस्पेंस है कि वह जमीन पीड़ित की है या उसके पाटीदार की। इस संबंध में अंचल कार्यालय से रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद मामले में उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट