50 हजार का इनामी कुख्यात मनिंदर मिश्रा गिरफ्तार! मां का वीडियो वायरल, आधिकारिक पुष्टि का इंतजार

बिहार के गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र स्थित सुल्तानपुर गांव के रहने वाले कुख्यात अपराधी और 50 हजार के इनामी मनिंदर मिश्रा की गिरफ्तारी को लेकर एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बिहार के गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र स्थित सुल्तानपुर गांव के रहने वाले कुख्यात अपराधी और 50 हजार के इनामी मनिंदर मिश्रा की गिरफ्तारी को लेकर एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में मनिंदर की मां दावा कर रही हैं कि उनके बेटे को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया है। हालांकि, इस गिरफ्तारी को लेकर अभी तक स्थानीय या दिल्ली पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

सोशल मीडिया पर सामने आए इस वीडियो में मनिंदर मिश्रा की मां का कहना है कि पुलिस ने उसे दिल्ली से हिरासत में लिया है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। कटेया और आसपास के क्षेत्रों में इस खबर को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।

सुल्तानपुर निवासी मनिंदर मिश्रा गोपालगंज पुलिस के लिए लंबे समय से सिरदर्द बना हुआ है। उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, लूट और आर्म्स एक्ट जैसे कई संगीन मामले दर्ज हैं। लगातार फरार रहने के कारण बिहार पुलिस ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।

मामले में प्रशासनिक स्तर पर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है। गोपालगंज पुलिस या कटेया  पुलिस द्वारा गिरफ्तारी की आधिकारिक घोषणा का इंतजार किया जा रहा है। बरहाल वायरल वीडियो की सत्यता पुलिस जांच का विषय है और स्वराज पोस्ट इस वायरल वीडियो में की जा रही गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं करता है।

गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट