मस्जिद परिसर में मौलवी की चाकू गोदकर हत्या, इलाके में फैली सनसनी

गोपालगंज जिले से सनसनखेज खबर है। यहां एक मस्जिद परिसर में एक मौलवी की चाकू गोदकर हत्या कर दिए जाने की घटना सामने आयी है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है।

गोपालगंज जिले से सनसनखेज खबर है। यहां एक मस्जिद परिसर में एक मौलवी की चाकू गोदकर हत्या कर दिए जाने की घटना सामने आयी है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। घटना बीती रात की बतायी जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार जिले के उचकागांव थाना क्षेत्र के अरना गांव स्थित मस्जिद परिसर में बीती देर रात करीब 50 वर्षीय मौलवी रफीक मियां की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक रफीक मियां भोरे थाना क्षेत्र के सिसई गांव के रहने वाले थे और अरना गांव की मस्जिद में मौलवी के रूप में सेवा दे रहे थे। प्राप्त खबर के अनुसार, देर रात मस्जिद परिसर में रफीक मियां पर चाकू से हमला किया गया। हमलावर ने उन पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बडी संख्या में मौके पर स्थानीय लोगों की भीड एकत्र हो गयी।

इधर घटना की सूचना मिलने पर हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के लोगों और मस्जिद परिसर से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है। घटना के समय मस्जिद परिसर में कौन-कौन लोग मौजूद थे, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।

फिलहाल हत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मृतक के परिचितों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है। साथ ही हमलावर की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक जांच और पूछताछ के आधार पर जल्द ही घटना से जुड़े अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।

हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन ने बताया कि उचकागांव थाना क्षेत्र के अरना बाजार स्थित मस्जिद में मौलवी मोहम्मद सफीक अहमद की चाकू मारकर हत्या की गई है। इस मामले के उद्भेदन के लिए एसआइटी का गठन किया गया है। टीम पूरे मामले की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर आरोपीयों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।