मीरगंज में पुलिस का बड़ा एक्शन, घने रिहायशी इलाके में चल रही 'बारूद की फैक्ट्री' का पर्दाफाश

सिवान के जामो में हुए भीषण पटाखा विस्फोट के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है। गोपालगंज एसपी के निर्देश पर पुलिस टीम लगातार संदिग्ध ठिकानों को खंगाल रही है।

मीरगंज/गोपालगंज : सिवान के जामो में हुए भीषण पटाखा विस्फोट के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है। गोपालगंज एसपी के निर्देश पर पुलिस टीम लगातार संदिग्ध ठिकानों को खंगाल रही है। इसी अभियान के तहत  मीरगंज थाना पुलिस ने चूड़ी मोहल्ला स्थित एक घर पर औचक छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध पटाखा और उसे बनाने वाला कच्चा माल बरामद किया है। पुलिस ने घने रिहायशी इलाके के बीचों-बीच चल रहे इस खतरनाक अवैध कारोबार के आरोप में स्थानीय निवासी 30 वर्षीय खुशबू खातून को हिरासत में लिया है।

घर के अंदर छिपाकर रखी गई थीं बारूद की बोरियां

थानाध्यक्ष के नेतृत्व में जब पुलिस टीम ने चिह्नित ठिकाने पर दबिश दी, तो वहां का नजारा बेहद डरावना था। कमरे के अंदर प्लास्टिक और जूट की दर्जनों बोरियों में भरकर घातक केमिकल, सल्फर, पोटाश (कच्चा माल) और भारी संख्या में तैयार किए गए तेज धमाके वाले पटाखे छिपाकर रखे गए थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे स्टॉक को जब्त कर लिया है, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।

जामो ब्लास्ट के बाद ताबड़तोड़ छापेमारी

सिवान की घटना से सबक लेते हुए स्थानीय पुलिस अब बेहद सतर्क है। चूड़ी मोहल्ले की तंग गलियों में चल रहे इस अवैध खेल में जरा सी भी लापरवाही पूरे इलाके को मलबे के ढेर में तब्दील कर सकती थी। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और केमिकल की सप्लाई कहां से की जा रही थी और इस नेटवर्क के पीछे मुख्य सप्लायर कौन है।