मनचला प्रिंसिपल मांग रहा था छात्रा का नंबर, ग्रामीणों ने कर दी धुलाई, शिक्षा मंत्री के गृह जिले का मामला

राज्य के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के गृह जिले से खबर है। दरअसल बिहार में शिक्षा विभाग की तमाम सख्तियों और कड़े निर्देशों के बावजूद कुछ शिक्षकों व प्रधानाध्यापकों की मनमानी थमने का नाम नहीं ले रही है।

गोपालगंज: राज्य के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के गृह जिले से खबर है। दरअसल बिहार में शिक्षा विभाग की तमाम सख्तियों और कड़े निर्देशों के बावजूद कुछ शिक्षकों व प्रधानाध्यापकों की मनमानी थमने का नाम नहीं ले रही है। ताजा मामला गोपालगंज जिले के बरौली प्रखंड का है, जहाँ एक छात्रा से मोबाइल नंबर माँगना प्रधानाध्यापक को भारी पड़ गया। छात्रा के परिजनों और ग्रामीणों ने स्कूल पहुँचकर प्रधानाध्यापक की जमकर धुनाई कर दी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला बरौली प्रखंड स्थित उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, बघेजी का बताया जा रहा है। आरोप है कि विद्यालय के प्रधानाध्यापक छात्रा पर मोबाइल नंबर देने का दबाव बना रहे थे। जब छात्रा ने नंबर देने से इनकार किया, तो प्रधानाध्यापक ने उसे परीक्षा में अंक काट लेने की धमकी दे डाली। छात्रा ने जब इस बात की शिकायत अपने घर पर की, तो आक्रोशित परिजन ग्रामीणों के साथ विद्यालय परिसर में पहुँच गए। देखते ही देखते माहौल गरमा गया और परिजनों व ग्रामीणों ने प्रधानाध्यापक की पिटाई कर दी। घटना के दौरान किसी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जो अब वायरल हो चुका है।

इधर मामले के तूल पकड़ते ही प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। गोपालगंज जिला शिक्षा पदाधिकारी अमरेंद्र पांडे ने मामले का संज्ञान लेते हुए बरौली के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया है कि वे 24 घंटे के भीतर मामले की सत्यता की जाँच कर रिपोर्ट सौंपें। रिपोर्ट आने के बाद आगे की प्रशासनिक व कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट