गोपालगंज: रील के चक्कर में पति को दिया धोखा, 6 माह बाद प्रेमी संग फरार हुई नवविवाहिता

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Jul 20, 2026, 3:59:00 PM

गोपालगंज में सोशल मीडिया का खुमार आजकल रिश्तों पर भारी पड़ने लगा है। ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला गोपालगंज जिले के भोरे और फुलवरिया थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां इंस्टाग्राम पर रील बनाने की शौकीन एक युवती शादी के महज छह महीने बाद अपने ट्रक ड्राइवर पति को धोखा देकर प्रेमी संग फरार हो गई।

लोक-लाज के डर से परिजनों ने कराई थी शादी

मिली जानकारी के अनुसार, युवती नेहा को कृष्णा नाम के युवक से लंबे समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। नेहा इंस्टाग्राम पर रील बनाने में काफी सक्रिय और माहिर थी, इसी दौरान दोनों का प्यार परवान चढ़ा। और बिना परिजनों के सहमति के इन दोनों ने शादी कर ली. मामले की भनक जब परिजनों को लगी, तो उन्होंने लोक-लाज और सामाजिक बदनामी के डर से आनन-फानन में नेहा के हाथ पीले कर दिए और एक ट्रक ड्राइवर से उसकी शादी करा दी।

इलाज के बहाने निकली और प्रेमी संग हुई फरार...

शादी के बाद सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन नेहा के सिर से पुराने प्यार का भूत नहीं उतरा। शादी के छह महीने बीतते ही उसे अपने पहले प्यार कृष्णा की याद सताने लगी।और बीते रविवार वह घर से इलाज कराने के बहाने भोरे बाजार के लिए निकली, लेकिन वापस घर नहीं लौटी। बाद में पता चला कि वह अपने पति को झांसा देकर प्रेमी कृष्णा के साथ फरार हो गई है।

वही ट्रक चालक पति ने स्थानीय भोरे थाने में आवेदन देकर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। वही पति ने यह भी आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी शादी में दिए गए जेवरात और घर में रखे पैसे अपने साथ लेकर चली गई है। 

इलाके में चर्चा का विषय बनी घटना..

इस घटना के बाद से पीड़िता के ससुराल और मायके पक्ष में हड़कंप मचा हुआ है। पति का रो-रोकर बुरा हाल है, जिसने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि इलाज का बहाना बनाकर निकली पत्नी उसे इस तरह धोखा दे देगी। फिलहाल, यह मामला पूरे फुलवरिया और भोरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है कि कैसे सोशल मीडिया और रील की सनक ने एक बने-बनाये घर को उजाड़ दिया। बरहाल भोरे पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट