गोपालगंज पुलिस की अनोखी पहल: रात्रिकालीन रेल यात्रियों की सुरक्षा के लिए शुरू हुई नियमित रात्रि बस सेवा

​गोपालगंज। रात्रिकालीन रेल यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए गोपालगंज पुलिस ने एक बड़ा कदम उठाया है। एसपी के निर्देशानुसार 4 अक्टूबर से गोपालगंज रेलवे स्टेशन से बस स्टैंड, थावे और मीरगंज के लिए नियमित रात्रि बस सेवा की की शुरुआत।

गोपालगंज। रात्रिकालीन रेल यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए गोपालगंज पुलिस ने एक सराहनीय कदम उठाया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार 4 अक्टूबर से गोपालगंज रेलवे स्टेशन से बस स्टैंड, थावे और मीरगंज के लिए नियमित रात्रि बस सेवा की शुरुआत की गई है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य अकेले यात्रा करने वाली महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को स्टेशन से उनके गंतव्य तक सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा प्रदान करना है।

त्योहारों के मौसम में सुरक्षा पर विशेष जोर

आगामी त्योहारों के मद्देनजर रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ बढ़ जाती है। देर रात ट्रेन से उतरने वाले यात्रियों को अक्सर असुरक्षित साधनों का सहारा लेना पड़ता है, जिससे आपराधिक या अप्रिय घटनाओं का खतरा बना रहता है। पुलिस द्वारा संचालित यह बस सेवा ट्रेनों के आगमन समय से तालमेल बिठाकर चलाई जा रही है, ताकि यात्रियों को स्टेशन पर अनावश्यक इंतजार न करना पड़े और वे सीधे सुरक्षित अपने घर की ओर प्रस्थान कर सकें।

निर्धारित रूट और सुरक्षा व्यवस्था

यह रात्रि बस सेवा गोपालगंज रेलवे स्टेशन से बस स्टैंड, थावे एवं मीरगंज के निर्धारित मार्गों पर नियमित रूप से संचालित होगी। इस व्यवस्था से यात्रियों को पैदल या किसी अनधिकृत वाहन से जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी, जिससे संभावित दुर्घटनाओं और सुरक्षा जोखिमों को न्यूनतम किया जा सकेगा।

गोपालगंज पुलिस की अपील और आपातकालीन नंबर

गोपालगंज पुलिस ने आमजन और रेल यात्रियों से अपील की है कि वे देर रात यात्रा के दौरान इसी अधिकृत रात्रि बस सेवा का लाभ उठाएं। विशेष रूप से अकेले सफर कर रही महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग सुरक्षा के लिहाज से इस सुविधा का उपयोग करें।

आपातकालीन हेल्पलाइन:

रात्रिकालीन यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा, असुरक्षा या आपात स्थिति में तुरंत गोपालगंज पुलिस के आधिकारिक मोबाइल नंबर 9128425399 पर संपर्क करें।

गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट