गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र के बनरहा गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक बेहद खौफनाक घटना सामने आई है। यहां एक कलयुगी नाती ने अपनी ही नानी की गला काटकर और ईंट-पत्थरों से कूचकर निर्मम हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी नाती को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है।
नानी ने ही पाला-पोसा था, मानसिक रूप से असंतुलित बताया जा रहा आरोपी
पुलिस और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान बनरहा गांव निवासी मरहुम जैनुद्दीन मियां की 65 वर्षीया पत्नी कैलासी खातून के रूप में हुई है। वहीं, आरोपी नाती की पहचान भोरे थाना क्षेत्र के इमिलिया गांव निवासी अनवर मियां के 22 वर्षीय पुत्र साहेब हुसैन उर्फ झामलाल के रूप में हुई है।बताया जा रहा है कि मृतका कैलासी खातून ने ही अपने इस नाती को बचपन से पाला-पोसा था। हत्या के पीछे के स्पष्ट कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है, लेकिन ग्रामीणों और परिजनों के बीच चर्चा है कि आरोपी युवक मानसिक रूप से असंतुलित (विक्षिप्त) बताया जा रहा है।
चाकू और ईंट से किया गया हमला
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि आरोपी साहेब हुसैन ने अचानक अपनी नानी पर बेहद क्रूरता के साथ हमला बोल दिया। उसने पहले धारदार चाकू से गला काटने का प्रयास किया और फिर ईंट-पत्थरों से सिर व चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी बेरहमी से जान ले ली। इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, जांच में जुटी टीम
घटना की सूचना मिलते ही कटेया थाना पुलिस तुरंत दल-बल के साथ मौके पर पहुँची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए शव को अपने कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, गोपालगंज भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही, खून से सने हथियार और ईंट को भी जब्त कर लिया गया है।
क्या बोले थानेदार...
इस संबंध में कटेया थाना अध्यक्ष अवधेश कुमार ने बताया की आरोपी नाती को गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या के असली कारणों का पता लगाने के लिए मामले की गहनता से जाँच की जा रही है। परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट