गोपालगंज में होटल अंकिता पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अनैतिक गतिविधियों के आरोप में कई युवक-युवतियां हिरासत में

​गोपालगंज में नगर थाना क्षेत्र स्थित जादोपुर रोड पर उस समय हड़कंप मच गया, जब पुलिस की एक टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर ‘होटल अंकिता’ में अचानक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान होटल के विभिन्न कमरों से कई युवक और युवतियों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा।

  • गोपालगंज: शहर के नगर थाना क्षेत्र स्थित जादोपुर रोड पर उस समय हड़कंप मच गया, जब पुलिस की एक टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर ‘होटल अंकिता’ में अचानक छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान होटल के विभिन्न कमरों से कई युवक और युवतियों को आपत्तिजनक स्थिति में हिरासत में लिया गया है। पुलिस सभी को हिरासत में लेकर नगर थाने ले आई है।

गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी

मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस प्रशासन को लंबे समय से जादोपुर रोड स्थित होटल अंकिता में अवैध और अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की गुप्त सूचना मिल रही थी। सूचना की पुष्टि के बाद नगर थाना पुलिस ने पुलिस बल के साथ संयुक्त रूप से होटल में अचानक दबिश दी। पुलिस टीम ने होटल के अलग-अलग कमरों की सघन तलाशी ली, जहां से कई जोड़े पकड़े गए। 

पहचान पत्रों और होटल रजिस्टर की जांच

थाने लाए गए सभी युवक-युवतियों के पहचान पत्रों की बारीकी से जांच की जा रही है। साथ ही पुलिस द्वारा उनके परिजनों को भी इस संबंध में सूचित किया जा रहा है।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस होटल के एंट्री रजिस्टर, बुकिंग रिकॉर्ड्स और सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि नियम-कानूनों का कितना उल्लंघन किया गया है।

होटल संचालक पर कसा शिकंजा

नगर थाना पुलिस का कहना है कि होटल के संचालक और मैनेजर के खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं के तहत सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। इस छापेमारी की खबर फैलते ही जादोपुर रोड और आसपास के अन्य होटल संचालकों में हड़कंप का माहौल है।

पुलिस की चेतावनी: जारी रहेगा अभियान

मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर में किसी भी सूरत में अनैतिक या गैर-कानूनी गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। आने वाले दिनों में भी अन्य संदिग्ध होटलों और ठिकानों पर इस तरह का विशेष जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।

गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट