गोपालगंज: जिले के सिसई टोला मठिया गांव निवासी स्व. बबलू मिश्रा उर्फ डबल मिश्रा की पत्नी प्रतिमा देवी की शुक्रवार की रात करीब आठ बजे सांप के डसने से मौत हो गई। पति की हत्या के कुछ ही महीनों बाद पत्नी की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की रात प्रतिमा देवी को सांप ने डस लिया। परिजन आनन-फानन में उन्हें भोरे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने एंटी वेनम दिया। हालत में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गोपालगंज रेफर कर दिया। गोपालगंज ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। सदर अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया जाता है कि इसी वर्ष 24 अप्रैल को लालछापर पोखर स्थित ज्वेलर्स की दुकान में लूटपाट के बाद भाग रहे अपराधियों का पीछा करने के दौरान हुई गोलीबारी में डबल मिश्रा की गोली लगने से मौत हो गई थी। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दो आरोपितों को पकड़ लिया था, जिनकी भीड़ की पिटाई से मौत हो गई थी। पति की हत्या के सदमे से परिवार अभी उबर भी नहीं पाया था कि अब प्रतिमा देवी की भी सांप के डसने से मौत हो गई। महज कुछ महीनों के अंतराल में पति-पत्नी दोनों की असामयिक मौत ने परिवार को पूरी तरह झकझोर कर रख दिया है।
परिवार में अब उनका एकमात्र पुत्र अंकित कुमार मिश्रा है, जो दिल्ली में एक कंपनी में नौकरी करता है। मां की मौत की खबर मिलने के बाद वह दिल्ली से घर के लिए रवाना हो गया है। प्रतिमा देवी की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी मातम पसरा हुआ है और ग्रामीण इस घटना को लेकर गहरे सदमे में हैं।
गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट