गोपालगंज क़े कुचायकोट थाना क्षेत्र में दुर्गा पूजा के नाम पर चंदा वसूली के दौरान ट्रक पर पथराव करने और वाहन का शीशा क्षतिग्रस्त करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुचायकोट निवासी स्वर्गीय हृदया खरवार के पुत्र सूरज कुमार के रूप में हुई है।
क्या है पूरा मामला
मिली जानकारी के अनुसार, गत 3 अक्टूबर 2026 को कुचायकोट थाना क्षेत्र के भठवा ओवरब्रिज के समीप कुछ युवकों द्वारा दुर्गा पूजा के नाम पर गाड़ियों से चंदा वसूला जा रहा था। इसी दौरान एक ट्रक चालक ने चंदा देने से इनकार कर दिया और गाड़ी नहीं रोकी। इससे आक्रोशित होकर युवकों ने ट्रक पर ईंट-पत्थर से हमला कर दिया, जिससे वाहन का शीशा टूटकर क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही कुचायकोट थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई। तत्पश्चात, इस संबंध में 6 अक्टूबर 2026 को कुचायकोट पुलिस ने एक नामजद और 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
स्वीकार की संलिप्तता, भेजा गया जेल
अनुसंधान के दौरान पुलिस ने मानवीय व तकनीकी साक्ष्यों की मदद से कार्रवाई करते हुए नामजद अभियुक्त सूरज कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि चंदा न देने और गाड़ी न रोकने के कारण ही उन्होंने ट्रक पर पथराव किया था। बरहाल इस मामाले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है. पुलिस का कहना है कि किसी भी स्थिति में अवैध वसूली और उपद्रव करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट