गोपालगंज: जिले के विजयीपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। क्षेत्र के घाटबंधौरा गांव में मामा के घर रह रहे एक युवक को बदमाशों ने गोली मारकर इलाके में सनसनी फैला दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में परिजन उसे विजयीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए गोपालगंज रेफर कर दिया। घायल युवक की पहचान भोरे थाना क्षेत्र के लखीचक गांव निवासी रविंद्र कुशवाहा के पुत्र गोलू कुशवाहा के रूप में हुई है। बताया जाता है कि गोलू अपने मामा के घर घाटबंधौरा गांव में रह रहा था।
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार की शाम युवक गांव में एक पुलिया के पास बैठा हुआ था। इसी दौरान वहां पहुंचे बदमाशों ने उसे निशाना बनाकर गोली चला दी। गोली युवक की बांह में जा लगी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही रोते-बिलखते परिजन अस्पताल पहुंचे।
घायल गोलू के मुताबिक, बदमाशों ने उसके सीने को निशाना बनाकर गोली चलाई थी, लेकिन ऐन वक्त पर उसके झुक जाने से गोली सीने में लगने के बजाय बांह में जा लगी। इस तरह युवक बाल-बाल बच गया। गोलू को किस वजह से अपराधियों ने गोली मारी, क्या बदमाशों की युवक से कोई पुरानी रंजिश थी या गोलीबारी के पीछे कोई दूसरी वजह है? इन सवालों का जवाब फिलहाल सामने नहीं आया है। इधर घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। बदमाशों की पहचान, गिरफ्तारी और गोलीबारी के पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है। सरेआम हुई इस गोलीबारी की घटना से घाटबंधौरा और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है।
गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट