बीजेपी किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष पर रंगदारी मांगने का आरोप, मुखिया प्रतिनिधि ने दर्ज कराई प्राथमिकी

गोपालगंज जिले के भोरे थाना क्षेत्र के गोपालपुर पंचायत के मालचौर से एक बड़ी खबर सामने आ रही है. जहां बीजेपी किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष पर रंगदारी मांगने के मामले में मुखिया प्रतिनिधि ने प्राथमिकी दर्ज कराई है.

गोपालगंज/भोरे: गोपालगंज जिले के भोरे थाना क्षेत्र के गोपालपुर पंचायत के मालचौर से एक बड़ी खबर सामने आ रही है. जहां मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप योजना के तहत गोपालपुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि द्वारा बनवाए जा रहे विवाह भवन निर्माण कार्य में ढाई लाख रुपया रंगदारी मांगने के मामले में भोरे पुलिस ने भाजपा नेता सहित दो अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की है.

क्या है पूरा मामला?

शिकायत के अनुसार, गोपालपुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि संतोष प्रजापति ने आरोप लगाया है कि वह बीते 6 नवंबर को पंचायत के मालचौर जा रहे थे. जैसे ही वह अपनी बाइक से मालचौर पहुंचे इस बीच भूरी थाना इलाके के भानपुर गांव निवासी इंद्रजीत भगत के पुत्र संतोष कुशवाहा और दो अन्य लोगों ने उनकी बाइक रोक दी और विवाह भवन बनवाने के एवज में उन्होंने 5% कमिशन की मांग की. शिकायत में यह बात भी सामने आई है कि आरोपियों द्वारा ग्रामीणों के फर्जी हस्ताक्षर करवाकर बिहार सरकार के ग्रामीण कार्य विभाग के मंत्री को एक फर्जी आवेदन सौंपा गया था, जिसका उद्देश्य निर्माण कार्य में बाधा डालना था।

इस पूरे मामले में भाजपा किसान प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष संतोष कुशवाहा से जब बात की गई तो उन्होंने कहा कि विवाह भवन बनवाने को लेकर सिर्फ स्थल चेंज करने के लिए मुखिया प्रतिनिधि को कहा गया था. ग्रामीण यह चाहते थे कि विवाह भवन पंचायत सरकार भवन के समीप बने. लेकिन मुखिया प्रतिनिधि मालचौर स्कूल के बगल में बनवाने पर अडिग थे. इसी को लेकर ग्रामीण कार्य विभाग के मंत्री के पास पत्राचार किया गया था. रंगदारी का मामला पूरी तरह से निराधार है.

इस पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए भोरे थानाध्यक्ष रोहिणी उपाध्याय ने मुखिया प्रतिनिधि के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।और इस पूरे प्रकरण की हर पहलू से गहराई से छानबीन कर रही है।

 गोपालगंज/भोरे से कुमार मंजेश की रिपोर्ट