बिहार बंद के दौरान गोपालगंज जिले में हिंसा, तोड़फोड़ और पुलिस बल पर हमला करने वाले उपद्रवियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है।
क्या है पूरा मामला..
मिली जानकारी के अनुसार, 25 जुलाई 2026 को बिहार बंद के अवसर पर विभिन्न संगठनों द्वारा गोपालगंज जिले में धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया गया था। इसी दौरान हजियापुर चौक, जन सेवा अस्पताल, अंबेडकर चौक और कुछ निजी संस्थानों के समीप उपद्रवियों ने कानून-व्यवस्था को पूरी तरह से ठप्प करने की नीयत से जमकर उत्पात मचाया।
उग्र भीड़ ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल और दंडाधिकारियों पर जानलेवा हमला कर दिया. लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से किए गए इस हमले में आम नागरिकों और मीडिया कर्मियों को भी निशाना बनाया गया। इतना ही नहीं, उपद्रवियों ने सरकारी पुलिस वाहनों और निजी संपत्तियों को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
तकनीकी व डिजिटल साक्ष्यों से खुला राज..
घटना की गंभीरता को देखते हुए नगर थाना में कांड संख्या-719/26 (दिनांक 25.07.2026) दर्ज कर मामले की गहन जांच शुरू की गई। पुलिस ने मानवीय सूचनाओं के साथ-साथ सीसीटीवी (CCTV) फुटेज, ड्रोन कैमरा फुटेज, सोशल मीडिया सर्विलांस, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मीडिया कर्मियों द्वारा उपलब्ध कराए गए फोटो-वीडियो का सूक्ष्म अवलोकन किया।
जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि कुछ असामाजिक तत्वों ने पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रदर्शन का आह्वान किया था। इसके बाद अंबेडकर चौक पहुंचकर भीड़ को भड़काया, उग्र बनाया और सरकारी कार्य में रोड़ा अटकाया। प्रदर्शन समाप्त होने के बाद भी लौटती भीड़ को भड़काकर हिंसा फैलाने में इनकी सक्रिय भूमिका पाई गई।
गिरफ्तार एवं निरुद्ध किए गए आरोपी..
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पहचान स्थापित कर पुलिस ने इन आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिनकी पहचान नगर थाना क़े चौरांव गांव निवासी भीम आर्मी से संबद्ध रखने वाले बादशाह राम क़े पुत्र जय राम।
मांझा थाना क़े बहुजन समाज पार्टी से संबद्ध रखने वाले साह आलम. मठनपुरा क़े बहुजन समाज पार्टी से संबद्ध रखने वाले मनोज कुमार रंजन सहित एक विधि-विरुद्ध बालक निरुद्ध किया गया है।
पुलिस का सख्त संदेश..
पुलिस ने साफ कर दिया है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने, लोक शांति भंग करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी उपद्रवी को बख्शा नहीं जाएगा। अन्य संलिप्त असामाजिक तत्वों की पहचान के लिए जांच और छापेमारी अभी जारी है।
गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट