भोरे में कार्रवाई का शोर, हिसाब पर सन्नाटा: कृषि विभाग की छापेमारी बनी पहेली

गोपालगंज जिले के भोरे प्रखंड में खाद की कालाबाजारी को लेकर सामने आ रही चर्चाओं ने कृषि विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थिति ऐसी है कि खेती के महत्वपूर्ण समय में किसान खाद के लिए परेशान हैं।

गोपालगंज/भोरे: बिहार सरकार एक तरफ किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और खेती-किसानी को आसान बनाने के लिए लगातार कई योजनाएं चला रही है। किसानों को समय पर खाद, बीज और कृषि से जुड़ी अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के दावे भी किए जा रहे हैं। लेकिन दूसरी तरफ गोपालगंज जिले के भोरे प्रखंड में खाद की कालाबाजारी को लेकर सामने आ रही चर्चाओं ने कृषि विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थिति ऐसी है कि खेती के महत्वपूर्ण समय में किसान खाद के लिए परेशान हैं, वहीं कथित तौर पर अवैध कारोबार करने वाले लोग मनमाने दाम पर खाद बेचकर अपनी जेबे भर रहे हैं।

मामला भोरे प्रखंड के इमलिया इलाके से जुड़ा बताया जा रहा है। ग्रामीण किसानों का कहना है कि रबी फसल की खेती के दौरान बिना वैध लाइसेंस के खाद का कारोबार किया जा रहा है।खाद की कालाबाजारी क़े कारण  निर्धारित कीमत से अधिक पैसे देकर खाद खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। अब बड़ा सवाल यह है की जब खाद की बिक्री और वितरण की निगरानी कृषि विभाग की है, तो फिर कथित अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक क्यों नहीं लग पा रही है.

क्षेत्र में कार्रवाई की चर्चा जोरों पर...

एक तरफ क्षेत्र में जहां कृषि विभाग के कार्रवाई की चर्चा जोरों पर है तो दूसरी तरफ कथित जब्ती को लेकर अब तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है. स्थानीय लोगों के बीच सवाल उठ रहे हैं कि अगर वास्तव में खाद जब्त की गई थी, तो उसकी आधिकारिक जब्ती सूची कहां है. जब्ती की कार्रवाई किसके विरुद्ध की गई. खाद कहां रखी गई और इस मामले में आगे क्या कार्रवाई हुई.किसानों का कहना है कि यदि अवैध रूप से खाद का भंडारण और बिक्री हो रही है, तो विभाग को ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। केवल छापेमारी की चर्चा से किसानों की समस्या का समाधान नहीं होने वाला है। कार्रवाई का पारदर्शी रिकॉर्ड और दोषियों पर कानूनी कार्रवाई भी जरूरी है।

विभागीय अधिकारी के बयान से बढ़ा मामला...

पूरे प्रकरण को लेकर जब भोरे के कृषि पदाधिकारी नवीन कुमार उपाध्याय से बातचीत की गई, तो उन्होंने खाद की 15 बोरियां जब्त किए जाने की बात से इंकार किया। उनका कहना था कि विभागीय टीम रूटीन चेकिंग के लिए क्षेत्र में गई थी, लेकिन 15 बोरी खाद जब्त नहीं की गई थी.अधिकारी के इस बयान के बाद मामला और भी चर्चा में आ गया है। एक तरफ क्षेत्र में 15 बोरी खाद जब्त किए जाने की चर्चा है, तो दूसरी तरफ संबंधित कृषि पदाधिकारी ऐसी किसी जब्ती से इंकार कर रहे हैं। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर सच्चाई क्या है. क्या वास्तव में खाद की जब्ती हुई थी या फिर महज नियमित जांच की गई थी. या किसी राजनीतिक दल के सामने जिम्मेवारों ने घुटने टेक दिए.

किसानों के सामने दोहरी मार...

रबी फसल की खेती के दौरान खाद किसानों की सबसे बड़ी जरूरतों में शामिल होती है। समय पर खाद नहीं मिलने से फसल की पैदावार प्रभावित होने का खतरा रहता है। ऐसे में यदि किसानों को निर्धारित दर पर खाद उपलब्ध नहीं होती और उन्हें मजबूरी में अधिक कीमत चुकानी पड़ती है, तो इसका सीधा असर उनकी आर्थिक स्थिति पर पड़ता है।किसानों की परेशानी यह भी है कि खाद की उपलब्धता और बिक्री की निगरानी करने वाले विभागीय तंत्र से ही उन्हें राहत की उम्मीद रहती है। लेकिन जब कथित कालाबाजारी और विभागीय कार्रवाई को लेकर ही सवाल उठने लगें, तो किसानों का भरोसा कमजोर होना स्वाभाविक है।

आखिर किसकी जिम्मेदारी तय होगी?

इस पूरे प्रकरण में सबसे बड़ा सवाल कृषि विभाग की निगरानी व्यवस्था को लेकर है। यदि भोरे प्रखंड के इमलिया सहित अन्य इलाकों में बिना लाइसेंस खाद की बिक्री हो रही है, तो इसकी जांच होनी चाहिए। खाद का अवैध भंडारण करने वालों, निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूलने वालों और नियमों का उल्लंघन करने वाले विक्रेताओं की पहचान कर कार्रवाई की जानी चाहिए।

साथ ही विभाग को यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि संबंधित क्षेत्र में कितनी दुकानों की जांच हुई, कितने विक्रेताओं के लाइसेंस की पड़ताल की गई और खाद की उपलब्धता एवं वितरण का वास्तविक रिकॉर्ड क्या है।

सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब सरकार किसानों को राहत देने के लिए योजनाएं बना रही है, तो जमीनी स्तर पर किसानों को राहत क्यों नहीं मिल रही.अगर खाद की कालाबाजारी पर रोक लगाने वाले जिम्मेदार तंत्र की निगरानी ही सवालों के घेरे में आ जाए, तो फिर अवैध कारोबारियों पर अंकुश कैसे लगेगा.

अब देखना होगा कि जिला कृषि विभाग इस पूरे मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और किसानों को राहत दिलाने के लिए क्या ठोस कदम उठाता है।

भोरे से ब्यूरो रिपोर्ट