कटेया (गोपालगंज)। भगवान के दरबार को भी चोरों ने नहीं बख्शा। कटेया थाना क्षेत्र के वैष्णो मठ स्थित राधा-कृष्ण मंदिर से भगवान की प्रतिमा पर लगा चांदी जैसा मुकुट चोरी होने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने त्वरित अनुसंधान करते हुए चोरी कांड का खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें मुकुट चोरी करने का आरोपी आर्यन चौबे उर्फ नागमणि चौबे और चोरी का मुकुट खरीदने वाला स्वर्ण व्यवसायी वेद प्रकाश वर्णवाल शामिल हैं।
इस मामले में सबसे अधिक चर्चा आर्यन चौबे उर्फ नागमणि चौबे की गिरफ्तारी को लेकर हो रही है। बताया जा रहा है कि उन्हें कटेया नगर पंचायत अध्यक्ष पद का भावी उम्मीदवार घोषित किया गया था।
पुलिस के अनुसार, 8 नवंबर 2026 को मंदिर से मुकुट चोरी होने की सूचना मिलते ही कटेया पुलिस हरकत में आ गई। थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और बारीकी से जांच की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए तथा ग्रामीणों से पूछताछ की गई। वहीं, वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए हथुआ एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आर्यन चौबे उर्फ नागमणि चौबे की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि मंदिर से चोरी किया गया मुकुट उसने कटेया के स्वर्ण व्यवसायी वेद प्रकाश वर्णवाल को बेचा था। इसके बाद पुलिस ने व्यवसायी की दुकान पर छापेमारी की, जहां से चोरी किया गया 59 ग्राम का चांदी जैसा मुकुट बरामद हुआ। पूछताछ में व्यवसायी ने भी आरोपी से मुकुट खरीदने और उसके बदले रुपये देने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने चोरी करने और चोरी का सामान खरीदने के आरोप में दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
मंदिर से भगवान का मुकुट चोरी करने से लेकर उसे बेचने तक का मामला पुलिस जांच में खुलकर सामने आया है। कटेया पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी हुआ मुकुट बरामद हो गया है और इस मामले में दो आरोपी सलाखों के पीछे पहुंच गए हैं।
कटेया (गोपालगंज) से शंकर जी की रिपोर्ट