गोपालगंज : गोपालगंज के माधोपुर थाना क्षेत्र में एक किशोरी के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में नामजद दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है।
क्या है पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 16 नवंबर 2026 की शाम माधोपुर थाना क्षेत्र में एक किशोरी के साथ दुष्कर्म की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही माधोपुर थानाध्यक्ष विकाश कुमार ने वरीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी और तुरंत पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया, जिसने मौके से जरूरी वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित किए। वहीं, पुलिस ने त्वरित कदम उठाते हुए पीड़िता को चिकित्सीय उपचार के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल भेज दिया।
SP ने किया विशेष टीम का गठन
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी विनय तिवारी ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, हथुआ के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया। इस टीम में माधोपुर थानाध्यक्ष और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। विशेष टीम ने मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कांड के दो आरोपी सोनु कुमार पासवान,और राजू शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार दोनों आरोपी माधोपुर थाना के बेलसंड गांव के रहने वाले हैं।
स्पीडी ट्रायल चलाकर सजा दिलाने की तैयारी
वहीं गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। मामले का अनुसंधान तेजी से किया जा रहा है ताकि जल्द से जल्द आरोप पत्र समर्पित किया जा सके। पुलिस का कहना है कि इस गंभीर मामले का त्वरित निष्पादन कराते हुए स्पीडी ट्रायल के माध्यम से अभियुक्तों को न्यायालय से कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट