कवरेज के दौरान पत्रकार से अभद्र व्यवहार व मारपीट की कोशिश का आरोप, एसआई पर कार्रवाई की मांग

इमामगंज थाना क्षेत्र में एक मामले की कवरेज के दौरान एक प्रमुख दैनिक समाचार पत्र के संवाददाता सुशील कुमार ने इमामगंज थाना में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर नौशाद खान पर अभद्र व्यवहार और मारपीट करने की कोशिश का आरोप लगाया है।

इमामगंज (गया)। इमामगंज थाना क्षेत्र में एक मामले की कवरेज के दौरान एक प्रमुख दैनिक समाचार पत्र के संवाददाता सुशील कुमार ने इमामगंज थाना में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर नौशाद खान पर अभद्र व्यवहार और मारपीट करने की कोशिश का आरोप लगाया है।

सुशील कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर वह संतोष कुमार अग्रवाल के घर पहुंचे थे, जहां पुलिस मौजूद थी। उनका कहना है कि वह पत्रकारिता के दायित्व का निर्वहन करते हुए घटनास्थल की वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहे थे। इसी दौरान, उनके अनुसार, सब-इंस्पेक्टर नौशाद खान ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया, वीडियो बनाने से रोकने का प्रयास किया तथा उनकी ओर हाथ उठाकर मारपीट करने की कोशिश की। उनका दावा है कि पूरे घटनाक्रम का वीडियो उपलब्ध है, जिसकी जांच से वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकती है।

सुशील कुमार ने गया के वरीय पुलिस अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर सब-इंस्पेक्टर नौशाद खान के विरुद्ध आवश्यक विभागीय कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो वह जिले के पत्रकारों के साथ मिलकर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करेंगे।

राजन कुमार की रिपोर्ट