बिहार के सारण जिले के लिए विकास की एक बड़ी खबर सामने आई है। अब सारण की पहचान सिर्फ ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों तक सीमित नहीं रहने वाली है, बल्कि यहां भी मरीन ड्राइव जैसी शानदार परियोजना देखने को मिल सकती है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मांझी के ऐतिहासिक रामघाट पर श्रीराम अटल घाट का उद्घाटन करते हुए मांझी से डुमाईगढ़ घाट तक मरीन ड्राइव बनाने की घोषणा की है। इस ऐलान के बाद इलाके के लोगों में विकास की नई उम्मीद जगी है।
दरअसल, गुरुवार को मांझी प्रखंड स्थित रामघाट पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नमामि गंगे परियोजना के तहत करीब 8 करोड़ 25 लाख रुपये की लागत से बने श्रीराम अटल घाट का उद्घाटन किया। इसी दौरान उन्होंने भारत रत्न और देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 16 फीट ऊंची प्रतिमा का भी अनावरण किया।
लेकिन इस कार्यक्रम की सबसे बड़ी चर्चा उस घोषणा को लेकर हुई, जिसमें मुख्यमंत्री ने मांझी से डुमाईगढ़ घाट तक मरीन ड्राइव बनाने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि श्रीराम अटल घाट का विस्तार जयप्रभा सेतु तक किया जाएगा। अगर यह परियोजना धरातल पर उतरती है, तो मांझी और आसपास के इलाकों की तस्वीर बदलने की संभावनाएं बढ़ सकती हैं।
अब बात करते हैं छठ पूजा और धार्मिक पर्यटन की
मांझी का रामघाट धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण है। यहां छठ पूजा समेत कई धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। घाट के विकास और मरीन ड्राइव निर्माण से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। साथ ही पर्यटन और स्थानीय कारोबार को भी बढ़ावा मिल सकता है।
मुख्यमंत्री ने रामघाट पर एसडीआरएफ की टीम की स्थायी तैनाती और कृषि योग्य भूमि से जल निकासी की व्यवस्था करने की भी घोषणा की।
अटल बिहारी वाजपेयी की याद में हर साल होगा राजकीय समारोह। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने एक और महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वर्ष 25 दिसंबर को रामघाट पर सरकारी स्तर पर अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती राजकीय समारोह के रूप में मनाई जाएगी।
कार्यक्रम में सांसद जनार्दन सिंह सीग्रीवाल, विधायक रणधीर सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि और एनडीए के नेता मौजूद रहे। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि मांझी से डुमाईगढ़ तक प्रस्तावित मरीन ड्राइव की योजना कब आकार लेगी? इसका निर्माण कब शुरू होगा और स्थानीय लोगों को इसका लाभ कब तक मिलेगा?
फिलहाल मुख्यमंत्री की इस घोषणा ने सारण के विकास को लेकर एक नई चर्चा जरूर शुरू कर दी है। सारण के लोगों के लिए यह सिर्फ एक सड़क परियोजना नहीं, बल्कि पर्यटन, रोजगार और क्षेत्रीय विकास की नई उम्मीद बन सकती है। लेकिन असली तस्वीर तब साफ होगी, जब घोषणा के बाद परियोजना का काम जमीन पर दिखाई देगा।
छपरा से यशवंत सिंह की रिपोर्ट