बिहार के कई राज्य इस समय बाढ़ की मार झेल रहे हैं. इस बीच पूर्णिया सांसद पप्पू यादव लगातार बाढ़ पीड़ित इलाकों का मुआयना कर रहे हैं. पप्पू यादव हाल ही में सारण के बाढ़ पीड़ित इलाके परसा पहुंचे थे. यहां वो एक बड़े हादसे का शिकार होते-होते रह गए.
पप्पू यादव सारण के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाने के लिए पहुंचे थे. परसा इलाके में भी उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात की और राहत कार्य में हिस्सा लिया. इसी दौरान वह ट्रैक्टर लेकर पानी के बीच आगे बढ़ रहे थे. वीडियो में आसपास काफी मात्रा में बाढ़ का पानी नजर आ रहा है. इसी दौरान पानी के तेज बहाव के बीच ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ता दिखाई देता है.
दरअसल पप्पू यादव खुद ट्रैक्टर चलाकर राहत बांटने के लिए परसा पहुंचे थे. उसी दौरान पानी की तेज धारा में उनका ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया. लेकिन पप्पू यादव ने अपनी सूझबूझ से ट्रैक्टर को अपने कंट्रोल में लिया और उनका ट्रैक्टर पलटने से बच गया. इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है. इसमें देखा जा सकता है कि पप्पू यादव किस तरह ट्रैक्टर को संभालते हैं. इसके बाद आसपास मौजूद उनके समर्थक उनकी कुशलता की तारीफ करते हुए खुशी से झूमने लगते हैं.
वहीं, पप्पू यादव इस दौरान बड़ा हादसा टलता देख राहत की सांस लेते नजर आते हैं. वो अपने सिर पर हाथ रखकर कुछ समय के लिए मौन हो जाते हैं और फिर मुस्कुराते दिखाई देते हैं. बता दें कि पप्पू यादव सारण से पहले कई गावों का दौरा कर चुके हैं. इन गावों में उन्होंने बाढ़ पीड़ितों से उनका हाल जाना. इसके साथ ही उन्होंने राहत सामग्री और पैसे भी बांटे.
बाढ़ के कारण कई इलाकों में आवागमन प्रभावित है. ऐसे में प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाने के लिए स्थानीय स्तर पर उपलब्ध साधनों का इस्तेमाल किया जा रहा है.ट्रैक्टर के पानी के तेज बहाव में डगमगाने का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद चर्चा में है. वीडियो में बाढ़ के पानी के बीच राहत सामग्री पहुंचाने के दौरान सामने आई चुनौती दिखाई दे रही है.
छपरा से यशवंत कुमार सिंह की रिपोर्ट