गंगा सेतु पर टेलर ट्रक से टकराई टूरिस्ट बस, 25 घायल, गया में पिंडदान के बाद अयोध्या जा रहे थे तेलंगाना के यात्री

गया में पिंडदान कर अयोध्या की ओर जा रहे तेलंगाना के यात्रियों से भरी एक पर्यटक बस सोमवार की अहले सुबह वीर कुंवर सिंह गंगा सेतु पर हादसे का शिकार हो गयी।

बक्सर : गया में पिंडदान कर अयोध्या की ओर जा रहे तेलंगाना के यात्रियों से भरी एक पर्यटक बस सोमवार की अहले सुबह वीर कुंवर सिंह गंगा सेतु पर हादसे का शिकार हो गई। बक्सर से पुल पार करने के बाद बलिया की ओर सड़क किनारे खड़े टेलर ट्रक में बस ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में बस चालक रमेश स्वामी समेत 25 यात्री घायल हो गए। चालक को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि अन्य घायलों का बक्सर सदर अस्पताल में इलाज कराया गया। 

तेलंगाना से 27 यात्रियों का दल टूरिस्ट बस से गया पहुंचा था

बताया जाता है कि तेलंगाना से 27 यात्रियों का दल टूरिस्ट बस से गया पहुंचा था। सभी यात्रियों ने गया में पिंडदान की प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद रात करीब 10 बजे बस अयोध्या के लिए रवाना हुई। सोमवार सुबह करीब तीन बजे बस वीर कुंवर सिंह गंगा सेतु पार कर उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े ट्रेलर ट्रक में बस ने पीछे से टक्कर मार दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चालक को झपकी आने के कारण हादसा होने की आशंका जताई जा रही है।

सोते यात्रियों को जोरदार झटके ने उछाल दिया

हादसे के समय अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे। अचानक तेज आवाज के साथ बस ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर लगते ही यात्री अपनी सीटों से आगे की ओर जा गिरे। कुछ यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। बस के अंदर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। बस के अंदर फंसे जख्मियों को निकालने का प्रयास करने लगे। इस दौरान पुलिस को भी सूचना दी गई।

पुलिस ने पहुंचकर यात्रियों को बस से निकाला

घटना की सूचना मिलते ही औद्योगिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे और घायल यात्रियों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को तत्काल बक्सर सदर अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। उपचार के बाद कुछ यात्रियों की स्थिति सामान्य होने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। गंभीर रूप से घायल चालक का इलाज जारी है। गया में धार्मिक अनुष्ठान पूरा कर अयोध्या की यात्रा पर निकले यात्रियों के लिए यह सफर अचानक हादसे में बदल गया। रात के सन्नाटे में हुई इस टक्कर ने कुछ ही पल में यात्रियों की नींद और यात्रा की खुशी को चीख-पुकार में बदल दिया। घटना के बाद सभी यात्री आगे की यात्रा को लेकर सशंकित थे।

आरा से दीपक डैविड की रिपोर्ट