भागलपुर जिले में रक्षाबंधन के एक दिन पूर्व मध्य विद्यालय मिर्जापुर, सबौर की छात्राओं ने भागलपुर ट्रैफिक पुलिस के सहयोग से अनोखा सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया। बिहार एग्रीकल्चर के मुख्य द्वार पर आयोजित अभियान में छात्राओं ने वाहन चालकों को रक्षा सूत्र बांधकर हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने का संकल्प दिलाया।
अभियान के दौरान बिना हेलमेट बाइक चलाने वाले लोगों और बिना सीट बेल्ट कार चलाने वाले वाहन चालकों को छात्राओं ने राखी बांधी। इसके बाद उनसे आगे से यातायात नियमों का पालन करते हुए हेलमेट और सीट बेल्ट लगाकर ही यात्रा करने का वचन लिया गया। राखी बंधवाने वाले लोगों ने भी भविष्य में सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने का भरोसा दिलाया।
जागरूकता अभियान के दौरान छात्राओं के हाथों में सड़क सुरक्षा से जुड़े संदेश लिखी तख्तियां भी थीं। इनमें "भाई की कलाई पर राखी का प्यार, सीट बेल्ट लगाना जरूरी हर बार", "बहन की राखी, भैया की सुरक्षा, ट्रैफिक नियमों से ही पूरी हो रक्षा" और "राखी बांधी है प्यार से, हेलमेट जरूर पहनना अगली बार से" जैसे संदेश लिखे थे।
मौके पर ट्रैफिक पुलिस की ओर से पहुंचे एसआई जितेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि मध्य विद्यालय मिर्जापुर की छात्राओं की यह पहल लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने वाली है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों के लिए सीट बेल्ट सुरक्षा की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि नियमों का पालन करने से वाहन चालक के साथ उसके परिवार की सुरक्षा भी सुनिश्चित होती है।
वहीं विद्यालय की शिक्षिका कामिनी कुमारी ने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर सड़क दुर्घटनाओं में किसी भाई की जान न जाए और कोई घायल न हो, इसी उद्देश्य से छात्राओं ने यह अभियान चलाया है। उन्होंने कहा कि राखी के जरिए लोगों को सुरक्षा का संदेश देने की कोशिश की गई है। अभियान में छात्राओं ने वाहन चालकों से अपील की कि वे अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए हमेशा हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल करें।
भागलपुर से इमाम की रिपोर्ट