भागलपुर में दिनदहाड़े डकैती की बड़ी वारदात, बेखौफ बदमाशों ने आर्मी जवान के घर को बनाया निशाना

भागलपुर में बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े डकैती की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। मामला मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के गणेशीबाग कॉलोनी का है।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Jul 09, 2026, 2:55:00 PM

भागलपुर में बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े डकैती की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। मामला मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के गणेशीबाग कॉलोनी का है। बदमाशों ने एक आर्मी जवान के घर में वारदात को अंजाम दिया है। बताया जा रहा है कि आर्मी जवान की पत्नी निक्कू देवी अपने दो बच्चों के साथ घर में अकेली रहती हैं। 

गुरुवार को करीब 12 बजे पांच की संख्या में पहुंचे बदमाश घर के अंदर घुस गए। उन्होंने महिला का मुंह दबाकर उसे बंधक बना लिया और दोनों बच्चों को बंदूक की नोक पर रखकर लगभग 5 लाख रुपये से अधिक के जेवरात और 75 हजार रुपये नकद लूट लिए।

घटना की सूचना मिलने के बाद मधुसूदनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। जानकारी मिलने के बाद सिटी एसपी भी घटनास्थल पर पहुंचे। पत्रकारों से बातचीत के दौरान सिटी एसपी अतुलेश झा ने बताया कि एक महिला की ओर से पुलिस को सूचना मिली थी कि उसके घर में बड़ी डकैती की वारदात हुई है। 

सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। तकनीकी और मानवीय स्रोतों के आधार पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

भागलपुर से सुमित कुमार की रिपोर्ट