बेगूसराय: जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में लोहियानगर थाना पुलिस ने मंगलवार की देर रात गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर 1 किलो 100 ग्राम गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान रविंद्र महतो, पिता गणेश महतो, मूल निवासी पोखरिया तथा वर्तमान निवासी लोहियानगर, वार्ड संख्या-28 के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवक के खिलाफ हत्या समेत करीब चार आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। इस कार्रवाई के बाद इलाके में नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।
मामले की जानकारी देते हुए लोहियानगर थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि मंगलवार की देर रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वार्ड संख्या-28 स्थित एक घर में गांजा का अवैध कारोबार किया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया गया। इसके बाद पुलिस टीम मजिस्ट्रेट, थानाध्यक्ष विकास कुमार के निर्देशन में अपर थानाध्यक्ष विश्वजीत कुमार एवं अन्य पुलिस पदाधिकारियों के साथ बताए गए ठिकाने पर पहुंची।
पुलिस टीम को अचानक अपने घर के पास पहुंचा देखकर रविंद्र महतो ने भागने का प्रयास किया। हालांकि, पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। इसके बाद मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में नियमानुसार घर की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान घर से कुल 1 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने गांजा जब्त करते हुए युवक को गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष के अनुसार, गिरफ्तार युवक पर पहले से हत्या समेत लगभग चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उसके पुराने आपराधिक इतिहास को खंगालने के साथ-साथ यह भी पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया जाता था और इस अवैध कारोबार में उसके साथ कौन-कौन लोग शामिल हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी गांजा की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचने का काम करता था। ऐसे में पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि वह किन लोगों को गांजा की आपूर्ति करता था और इलाके में नशे का यह कारोबार कब से संचालित हो रहा था।
इस कार्रवाई ने एक बार फिर शहर में नशे के अवैध कारोबार को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर गांजा की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचने का धंधा किन लोगों के संरक्षण में चल रहा था? क्या इस नेटवर्क में अन्य लोग भी शामिल हैं? इन तमाम सवालों के जवाब पुलिस की आगे की जांच में सामने आ सकते हैं।
फिलहाल लोहियानगर थाना पुलिस गिरफ्तार युवक से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अब देखना होगा कि जांच के दौरान इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आते हैं या नहीं।
बेगूसराय से अजय कुo शास्त्री की रिपोर्ट