बेगूसराय : बिहार में सड़कों की स्थिति को लेकर अक्सर सवाल उठते रहे हैं, लेकिन बेगूसराय विधानसभा क्षेत्र के वीरपुर प्रखंड में ग्रामीणों ने सड़क के गड्ढों के खिलाफ विरोध का एक ऐसा तरीका अपनाया है, जो अब चर्चा का विषय बन गया है। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों से परेशान स्थानीय लोगों ने इन गड्ढों को ही अलग-अलग नेताओं के नाम से पहचान देना शुरू कर दिया।
सड़क की जर्जर स्थिति के कारण आम लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है - ग्रामीण
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की जर्जर स्थिति के कारण आम लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर बने गहरे गड्ढे दुर्घटना को निमंत्रण दे रहे हैं, लेकिन लंबे समय से समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। इसी नाराजगी के बीच ग्रामीणों ने विरोध का अनोखा तरीका अपनाते हुए सड़क के गड्ढों को ‘कुंड’ का नाम दे दिया।
बेगूसराय के सांसद और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के नाम से 'गिरिराज कुंड' कहा गया
स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क पर बने एक बड़े गड्ढे को बेगूसराय के सांसद और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के नाम से 'गिरिराज कुंड' कहा गया। वहीं एक अन्य गड्ढे को स्थानीय भाजपा विधायक कुंदन सिंह के नाम से 'कुंदन कुंड' का नाम दिया गया। इसके अलावा बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री शैलेंद्र कुमार के नाम पर भी सड़क के एक गड्ढे को 'शैलेंद्र कुंड' बताया गया।
बरसात या पानी जमा होने के बाद स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है
ग्रामीणों का कहना है कि यह किसी व्यक्ति विशेष के प्रति व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं, बल्कि बदहाल सड़क व्यवस्था और जनप्रतिनिधियों तक अपनी आवाज पहुंचाने का प्रतीकात्मक तरीका है। लोगों का आरोप है कि सड़क की खराब हालत के कारण पैदल चलने वालों, बाइक सवारों और अन्य वाहन चालकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। बरसात या पानी जमा होने के बाद स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है, क्योंकि गड्ढों की गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है।
उन्हें नेताओं के नाम पर गड्ढों का नामकरण करने का शौक नहीं है - ग्रामीण
स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया कि जब क्षेत्र के सांसद, विधायक और सरकार में पथ निर्माण विभाग के मंत्री मौजूद हैं, तो आखिर सड़क की इस बदहाल स्थिति की सुध कब ली जाएगी? ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें नेताओं के नाम पर गड्ढों का नामकरण करने का शौक नहीं है, बल्कि वर्षों से बनी समस्या के कारण उनका आक्रोश इस अनोखे विरोध के रूप में सामने आया है।
सड़क के गड्ढों को लेकर ग्रामीणों का यह अनोखा विरोध बेगूसराय में चर्चा का विषय बना हुआ है
अब देखना यह होगा कि वीरपुर की सड़क पर बने ये कथित 'कुंड' प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान अपनी ओर खींच पाते हैं या फिर ग्रामीणों को इसी तरह बदहाल सड़क पर सफर करने को मजबूर रहना पड़ेगा। फिलहाल, सड़क के गड्ढों को लेकर ग्रामीणों का यह अनोखा विरोध बेगूसराय में चर्चा का विषय बना हुआ है। बेगूसराय विधानसभा वासियों का सवाल आखिर सड़क के इन गड्ढों को भरने के लिए जनता को और कितना इंतजार करना होगा?
बेगूसराय से अजय कुमार शास्त्री की रिपोर्ट