संदिग्ध अवस्था में युवक की लाश बरामद, भाई पर हत्या का आरोप

बेगूसराय जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर राजौरा गांव में मंगलवार की देर रात्रि को एक युवक का शव संदिग्ध अवस्था में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

बेगूसराय जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर राजौरा गांव में मंगलवार की देर रात्रि को एक युवक का शव संदिग्ध अवस्था में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मृतक की पहचान राम प्रताप राय के 25 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार के रूप में हुई है।

ग्रामीणों के अनुसार, राहुल का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने उसके भाई पर ही पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह और घटना में किसकी संलिप्तता है, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

इधर शव मिलने की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटना से जुड़े साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस फिलहाल मामले को संदिग्ध मानकर सभी पहलुओं से जांच कर रही है। मृतक के शरीर पर चोट के निशान और मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

वहीं युवक की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। ग्रामीणों में भी घटना को लेकर आक्रोश और तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है।


बेगूसराय से अजय कुमार शास्त्री की रिपोर्ट