बेगूसराय में स्थित डाकघर परिसर के पासपोर्ट सेवा केंद्र को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तत्काल हरकत में आ गईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे परिसर की सघन तलाशी अभियान चलाया गया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
जानकारी के अनुसार, पासपोर्ट सेवा केंद्र को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना संबंधित अधिकारियों को प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, बम निरोधक दस्ता तथा अन्य सुरक्षा एजेंसियों की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने डाकघर और पासपोर्ट सेवा केंद्र के आसपास के इलाके को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच शुरू कर दी। इस दौरान केंद्र में मौजूद लोगों को सतर्क किया गया और परिसर की गहन जांच की गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि धमकी किस माध्यम से दी गई और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं, इसकी जांच की जा रही है। तकनीकी टीम भी सक्रिय कर दी गई है, जो धमकी से जुड़े डिजिटल और अन्य साक्ष्यों को खंगाल रही है। फिलहाल जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु बरामद होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं कर रही हैं।
घटना के बाद पासपोर्ट सेवा केंद्र पहुंचे आवेदकों और कर्मचारियों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल देखने को मिला। हालांकि अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।
उधर, बेगूसराय पुलिस धमकी का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। धमकी देने वाले व्यक्ति या समूह की पहचान करने के लिए तकनीकी और वैज्ञानिक तरीकों का सहारा लिया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा। फिलहाल पासपोर्ट सेवा केंद्र और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
बेगूसराय से अजय शास्त्री की रिपोर्ट