बांका जिले में मंगलवार को विशेष निगरानी ईकाई ने बडी कार्रवाई की। ईकाई ने बांका मुख्यालय के टाउन थाना क्षेत्र स्थित लघु जल संसाधन विभाग के लघु सिंचाई प्रमंडल कार्यालय में छापेमारी की। यह कार्रवाई लघु जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता हरेंद्र कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में की गयी। हरेंद्र कुमार वर्तमान में बांका में कार्यपालक अभियंता के पद पर तैनात हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, विशेष निगरानी इकाई ने कार्यपालक अभियंता हरेंद्र कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने से संबंधित मामला दर्ज किया है। इसी मामले में मंगलवार को निगरानी विभाग की टीम बांका पहुंची और उनके कार्यालय में दस्तावेजों एवं अन्य संबंधित कागजातों की जांच शुरू की। टीम के अचानक पहुंचते ही विभागीय कार्यालय में हड़कंप की स्थिति बन गई। निगरानी विभाग के टीमें दो वाहनों से लघु सिंचाई प्रमंडल कार्यालय पहुंची। अधिकारियों ने कार्यालय में मौजूद महत्वपूर्ण दस्तावेजों, फाइलों और अन्य कागजातों की जांच की। कार्रवाई के दौरान स्थानीय प्रशासन और पुलिस के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। टीम द्वारा कार्यालय में विभिन्न बिंदुओं पर जांच की गयी और संबंधित दस्तावेजों को खंगाला जा रहा है।
निगरानी विभाग के इंस्पेक्टर कुणाल कुमार अधिकारी ने बताया कि कार्यपालक अभियंता हरेंद्र कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज हुआ था। इसी मामले को लेकर टीम बांका पहुंची है। अधिकारी ने बताया कि उनके आवास की जांच के दौरान फिलहाल कोई आपत्तिजनक या महत्वपूर्ण बरामदगी नहीं हुई है। मामले की आगे जांच जारी है। अधिकारी के अनुसार, हरेंद्र कुमार से जुड़े अन्य ठिकानों पर भी जांच चल रही है। वैशाली और पटना में भी निगरानी विभाग की टीम द्वारा जांच की जा रही है। फिलहाल बांका स्थित कार्यालय में दस्तावेजों की जांच जारी है।
विशेष निगरानी इकाई के अधिकारियों ने छापेमारी के दौरान विस्तृत जानकारी देने से इनकार किया है। अधिकारियों का कहना है कि पूरी कार्रवाई समाप्त होने के बाद ही बरामदगी और जांच से जुड़ी विस्तृत जानकारी स्पष्ट हो सकेगी। खबर लिखे जाने तक आय से अधिक संपत्ति के मामले में निगरानी विभाग की कार्रवाई जारी है।
ब्यूरो रिपोर्ट