कोईलवर (भोजपुर) : लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ संपन्न हो गया। इस अवसर पर कोईलवर समेत प्रखंड के विभिन्न सोन नदी घाटों, पोखर, तालाबों और अन्य जलस्रोतों पर छठव्रतियों ने भगवान भास्कर और छठी मइया की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।
छठ को लेकर नगर पंचायत कोईलवर के गौरैया स्थान घाट से लेकर टीबी सेनेटोरियम घाट तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी
छठ को लेकर नगर पंचायत कोईलवर के गौरैया स्थान घाट से लेकर टीबी सेनेटोरियम घाट तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। हजारों की संख्या में छठव्रती और श्रद्धालु अहले सुबह घाटों पर पहुंचे और पूरे श्रद्धाभाव से भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए गौरैया स्थान घाट पर नियंत्रण कक्ष बनाया गया था, जहां से व्यवस्था की निगरानी की जा रही है।
SDPO सदर-2 , कार्यपालक पदाधिकारी शहाब याहिया समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे
इस दौरान एसडीपीओ सदर-2 रंजीत कुमार सिंह, कार्यपालक पदाधिकारी शहाब याहिया समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। वहीं, कोईलवर थानाध्यक्ष सुशांत कुमार मंडल और अपर थानाध्यक्ष सुभाष कुमार मंडल के नेतृत्व में पुलिस टीम विभिन्न घाटों पर मुस्तैद रही। बाहर से आने वाले छठव्रतियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए पुलिसकर्मी लगातार सक्रिय रहे।
घाटों के आसपास उमड़ी भीड़ के कारण यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने में भी पुलिस टीम जुटी रही
घाटों के आसपास उमड़ी भीड़ के कारण यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने में भी पुलिस टीम जुटी रही। छठव्रतियों के वाहनों को नियंत्रित कर उन्हें घाटों तक पहुंचाया गया। वहीं, विभिन्न छठ घाटों पर स्थानीय स्वयंसेवकों ने श्रद्धालुओं की सेवा के लिए चाय, पानी, अदरक, गुड़ और शर्बत की व्यवस्था की थी। महापर्व के समापन के साथ ही घाटों पर आस्था, भक्ति और सामाजिक सौहार्द का सुंदर नजारा देखने को मिला। इधर, सांप्रदायिक एकता को बढ़ावा देते हुए नगर मुख्य पार्षद सरताज आलम ने भी छठ घाट पहुंच व्यवस्था का जायजा लिया और छठव्रतियों को प्रणाम कर उनका आशीर्वाद लिया।
आरा से दीपक गुप्ता की रिपोर्ट