आरा : कोईलवर थाना क्षेत्र के नए सिक्स लेन पुल पर पीछे से आ रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक किशोर की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान बिहटा थाना क्षेत्र के मौदहीं गांव निवासी धर्मेंद्र यादव के पुत्र प्रिंस कुमार (16) के रूप में हुई है। वहीं घायल अजित कुमार (17), मौदहीं निवासी जवाहिर राय का पुत्र है। घटना के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में परिजन और पुलिस पहुंच गए हैं।
प्रिंस अपने दोस्त अजित के साथ कोईलवर के कुल्हड़िया स्थित रिश्तेदार के घर से बाइक से अपने गांव मौदहीं लौट रहा था
बताया गया कि प्रिंस कुमार अपने दोस्त अजित कुमार के साथ कोईलवर के कुल्हड़िया स्थित रिश्तेदार के घर से बाइक से अपने गांव मौदहीं लौट रहा था। इसी दौरान नए सिक्सलेन पुल पर पीछे से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने दोनों को इलाज के लिए कोईलवर अस्पताल पहुंचाया
हादसे के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने दोनों को इलाज के लिए कोईलवर अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्रिंस कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं अजित कुमार का इलाज अस्पताल में चल रहा है। घटना की सूचना मिलने पर कोईलवर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक के संबंध में जानकारी जुटाने के साथ आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
आरा से दीपक गुप्ता की रिपोर्ट