रॉन्ग साइड से आ रहे ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को कुचला, एक की मौत, दूसरा रेफर

आरा। गीधा थाना क्षेत्र के कायमनगर-आरा बाइपास पर रॉन्ग साइड से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया। हादसे में दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गये।

आरा। गीधा थाना क्षेत्र के कायमनगर-आरा बाइपास पर रॉन्ग साइड से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया। हादसे में दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गये। सदर अस्पताल आरा में इलाज के दौरान कोईलवर नगर पंचायत के वार्ड 10 निवासी सहजाद आलम उर्फ सोनू राईन (36) की मौत हो गयी। वहीं, वार्ड छह निवासी बउआ राईन की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने पटना रेफर कर दिया। 

घटना गुरुवार की सुबह सात बजे के आसपास की है। दोनों बाइक सवार पेशे से फल-सब्जी विक्रेता थे और इसी सिलसिले में एक ही बाइक पर सवार होकर दोनों आरा मंडी जा रहे थे। तभी पटना-बक्सर फोरलेन एनएच से उतरकर जैसे ही आरा बाईपास की ओर बढ़े सामने से आ रहे ट्रक ने दोनो को रौंद दिया।  घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया।  

इधर घटना के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया। दूसरी तरफ जैसे सोनू की मौत की खबर कोईलवर पहुंची इलाके में शोक की लहर दौड़ गयी। परिजन रोते बिलखते सदर अस्पताल पहुंचे। पिता नईमन राइन सदर अस्पताल में बेटे का शव देखकर पछाड़ खाकर गिर पड़े।  वहीं पत्नी फातिमा खातून पति के शव से लिपटकर दहाड़ मारकर रोने लगी।

मां नजमा खातून भी बेटे की असामयिक मौत पर बदहवास और बेसुध हुई थी। इधर घटना की सूचना पर सदर अस्पताल पहुचे नगर पंचायत कोइलवर के मुख्य पार्षद सरताज आलम और परिजनों की मौजूदगी में पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। 

बताया जाता है कि दोनों युवक बाइक से कायमनगर-आरा बाइपास की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रॉन्ग साइड से आ रहे ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गये। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। 

आरा से दीपक गुप्ता की रिपोर्ट