धनडीहा में छापेमारी, सैकड़ों लीटर अंग्रेजी शराब बरामद, कारोबारी गिरफ्तार

कोईलवर थाना क्षेत्र के धनडीहा गांव में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर 113.28 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद किया है. पुलिस ने मौके से शराब के साथ एक कारोबारी को भी गिरफ्तार किया.

कोईलवर थाना क्षेत्र के धनडीहा गांव में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर 113.28 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद किया है. पुलिस ने मौके से शराब के साथ एक कारोबारी को भी गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपित की पहचान धनडीहा गांव निवासी राजू शर्मा के रूप में की गई है. 

थानाध्यक्ष सुशांत कुमार मंडल ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि धनडीहा गांव में एक घर के समीप भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब छिपाकर रखी गयी है. सूचना की पुष्टि के बाद सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रणजीत कुमार के नेतृत्व में कोईलवर थानाध्यक्ष सुशांत कुमार मंडल और अपर थानाध्यक्ष सुभाष कुमार मंडल ने टीम के साथ छापेमारी की. 

पुलिस को देखते ही वहां मौजूद कारोबारी भागने का प्रयास करने लगा, जिसे टीम में शामिल जवानों ने खदेड़ कर पकड़ लिया. कारोबारी के पकड़े जाने के बाद उसकी निशानदेही पर हुए तलाशी के दौरान अलग-अलग ब्रांड की अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की गयी. 

पुलिस के अनुसार जब्त शराब में रॉयल स्टैग की 750 एमएल की 20 बोतल, ब्लेंडर्स प्राइड की 750एमएल की चार बोतल, किंगफिशर स्ट्रांग की 75 पीस बीयर, आफ्टर डार्क की 180 एमएल की 41 बोतल तथा 8 पीएम अंग्रेजी शराब की 280 बोतल शामिल हैं. बरामद शराब को पुलिस ने जब्त कर लिया और गिरफ्तार राजू शर्मा को थाने लाया गया.

थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार कारोबारी के खिलाफ मद्य निषेध अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. पुलिस शराब के इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है.

भोजपुर से दीपक गुप्ता की रिपोर्ट