दुकान के पीछे झाड़ी में मिला 3 दिनों से लापता युवक का शव, करंट से मौत की आशंका

नगर पंचायत कोईलवर के वार्ड संख्या-13 में मंगलवार को दुकान के पीछे झाड़ी से तीन दिनों से लापता करीब 30 वर्षीय युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई।

कोईलवर (भोजपुर) : नगर पंचायत कोईलवर के वार्ड संख्या-13 में मंगलवार को दुकान के पीछे झाड़ी से तीन दिनों से लापता करीब 30 वर्षीय युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान स्व. राजेंद्र चौधरी के पुत्र गनौरी चौधरी के रूप में हुई है। वह रविवार से घर से लापता था. शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

गनौरी की थाना रोड स्थित कपिलदेव चौक के समीप मुर्गा बेचने की दुकान थी

परिजनों के अनुसार, गनौरी की थाना रोड स्थित कपिलदेव चौक के समीप मुर्गा बेचने की दुकान थी। दुकान के पीछे एक कुतिया ने बच्चों को जन्म दिया था। रविवार को वह कुत्ते के बच्चों को देखने दुकान के पीछे गया था। इसी दौरान दुकान के चारों ओर सुरक्षा के लिए लगाई गई लोहे की जाली में प्रवाहित बिजली की चपेट में आने की आशंका जताई जा रही है। माना जा रहा है कि करंट लगने से उसकी मौत हो गई और शव झाड़ियों में पड़ा रह गया। मृतक के भाई ने भी करंट लगने से मौत होने की बात कही है।

झाड़ी में शव दिखाई देने पर स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी

मंगलवार को झाड़ी में शव दिखाई देने पर स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची कोईलवर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। हालांकि, युवक की मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा है।

कोईलवर (भोजपुर) से दीपक गुप्ता की रिपोर्ट