आरा : बिहार के भोजपुर जिले में दीपावली की रात एक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बिहिया थाना क्षेत्र के रामडीहरा गांव में कुछ युवकों ने कथित तौर पर अपनी स्कॉर्पियो से ग्रामीणों को कुचल दिया। इस घटना में दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मृतकों की पहचान रामडीहरा गांव निवासी दिनेश यादव और उनके भाई कमलेश यादव के रूप में हुई है। दोनों की इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में मौत हो गई। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
दीपावली की रात रामडीहरा गांव स्थित सूर्य मंदिर परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था
जानकारी के अनुसार, रविवार को दीपावली की रात रामडीहरा गांव स्थित सूर्य मंदिर परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस दौरान मंदिर परिसर में साउंड बॉक्स लगाकर छठ गीत बजाए जा रहे थे। इसी बीच गांव के ही एक -दो व्यक्ति वहां पहुंचे और तेज आवाज में गाना बजाने का विरोध करने लगे। इसे लेकर उनकी ग्रामीणों के साथ कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट की नौबत आ गई।
विवाद के दौरान आरोपी युवक रितेश यादव वहां से चला गया
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान आरोपी युवक रितेश यादव वहां से चला गया। कुछ देर बाद वह अपनी स्कॉर्पियो लेकर लौटा और कथित तौर पर ग्रामीणों के बीच वाहन घुसा दिया। अचानक हुई इस घटना से मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई। वाहन की चपेट में आने से कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, दिनेश और कमलेश यादव को बचाया नहीं जा सका।
घटना की सूचना मिलते ही बिहिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी
घटना की सूचना मिलते ही बिहिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में जगदीशपुर के एसडीपीओ रवि कुमार ने सोमवार को बताया कि स्कॉर्पियो बैक करने के दौरान कुचलकर दो लोगों की मौत हुई है जबकि कई अन्य लोग घायल हुए हैं। घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है। वहीं, गांव में घटना के बाद तनाव का माहौल बना हुआ है।
घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं - CM सम्राट
सीएम सम्राट चौधरी ने भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के रामडिहरा गांव में आपसी विवाद के बाद तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से दो लोगों की मौत और कई लोगों के घायल होने की घटना अत्यंत दुखद एवं पीड़ादायक है। इस घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति एवं शोकाकुल परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। मृतकों के निकटतम परिजन को अनुग्रह अनुदान के रूप में चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान करने का निर्देश दिया है। प्रशासन को सभी घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने व घटना के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
सोर्स-आईएएनएस