भोजपुर: दीपावली और छठ पर्व के बाद यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे की ओर से मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) और मुजफ्फरपुर के बीच पूजा स्पेशल ट्रेन का परिचालन किया जायेगा। यह ट्रेन आरा जंक्शन के रास्ते चलेगी। इससे भोजपुर समेत आसपास के जिलों के यात्रियों को मुंबई और उत्तर बिहार की यात्रा में सहूलियत होगी।
रेलवे की ओर से जारी समय-सारिणी के अनुसार, गाड़ी संख्या 01081 सीएसएमटी-मुजफ्फरपुर स्पेशल 6 और 10 नवंबर को सीएसएमटी से सुबह 5 बजे खुलेगी। यह अगले दिन सुबह 10:40 बजे आरा जंक्शन पहुंचेगी और दो मिनट के ठहराव के बाद 10:42 बजे मुजफ्फरपुर के लिए रवाना होगी। ट्रेन उसी दिन शाम 4:30 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 01082 मुजफ्फरपुर-सीएसएमटी स्पेशल 7 और 11 नवंबर को मुजफ्फरपुर से रात 8:30 बजे खुलेगी. यह अगले दिन रात 2:10 बजे आरा पहुंचेगी और 2:15 बजे मुंबई के लिए रवाना होगी. ट्रेन अगले दिन दोपहर 1:30 बजे सीएसएमटी पहुंचेगी। इस ट्रेन में कुल 16 एलएचबी कोच होंगे। इनमें एक एलएसएलआरडी, चार सामान्य द्वितीय श्रेणी, दो स्लीपर, दो एसी थ्री इकोनॉमी, छह एसी थ्री और एक एलडब्ल्यूएलआरआरएम कोच शामिल हैं। इस स्पेशल ट्रेन में आरक्षित टिकटों की बुकिंग 5 नवंबर की सुबह 8 बजे से शुरू होगी। यात्रियों को सलाह दी गयी है कि वे समय रहते टिकट आरक्षित करा लें।
आरा से दीपक गुप्ता की रिपोर्ट