Ketan Agarwal Murder Case/siya goyal: पुणे के लोहगढ़ किले में 26 साल के रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या मामले में रोज नए खुलासे हो रहे हैं। पुणे के चर्चित मंगेतर हत्याकांड में आरोपी सिया गोयल और उसके कथित बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की पूछताछ जारी है। जहां रोज नए खुलासे हो रहे हैं। हत्या की आरोपी मंगेतर सिया गोयल ने पुलिस के सामने अब एक और बड़ा खुलासा किया है। जिससे आम लोग ही नहीं बल्कि जांच कर रही टीम भी हैरान है। वहीं केतन अग्रवाल हत्याकांड की आरोपी सिया गोयल की मां पूजा गोयल और पिता प्रवीण गोयल को यकीन नहीं हो रहा कि उनकी बेटी ऐसा कुछ कर सकती है। उन्होंने तो यहां तक कह दिया कि जिसने भी केतन को लोहागढ़ किले की पहाड़ी से धक्का दिया है, उसे भी वहां से धक्का दे देना चाहिए, चाहे वह उनकी बेटी सिया ही क्यों न हो।
दरअसल पुणे के रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की लोहगढ़ किले में हुई हत्या मामले में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। हत्याकांड में आरोपी सिया गोयल ने बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि केतन के सिर पर बाल नहीं थे, वह विग लगाता था। यह बात उसे पसंद नहीं थी इसलिए वह उससे शादी नहीं करना चाहती थी। सिया ने दावा किया है कि यही वजह थी कि उसने आरोपी चेतन के साथ रिश्ता बनाया और साजिश करके केतन की हत्या करवा दी।
सिया गोयल ने पुलिस को पूछताछ में यह भी बताया कि उसे केतन का हकलाना पसंद नहीं था। केतन से शादी न करने के उसके पास कई कारण थे। पहला यह कि वह चेतन चौधरी से प्यार करती थी। दूसरा, केतन के सिर पर कम बाल थे और तीसरा कारण था कि केतन हकलाता था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़ शादी तय करते समय सिया के परिवार के लोगों को इस बात की जानकारी थी, लेकिन इसे सामान्य मान लिया गया।
वहीं पुलिस ने जब सिया से सवाल किया कि उसने कभी अपने परिवार को यह क्यों नहीं कहा कि वह केतन से शादी नहीं करना चाहती? जवाब में सिया ने बताया कि यह कह कर वह घरवालों को ठेस नहीं पहुंचाना चाहती थी। इसके बजाय उसे केतन की हत्या करने का प्लान आसान लगा।
इससे पहले पुलिस जांच में दावा किया गया है कि केतन अग्रवाल की मौत से एक दिन पहले सिया गोयल और चेतन चौधरी पुणे के एक कैफे में मिले थे। सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांचकर्ताओं का आरोप है कि दोनों ने यहीं कथित साजिश पर चर्चा की थी। पुलिस को यह भी पता चला है कि सिया ने लोहागढ़ किले से जुड़े वीडियो सर्च किए थे और कथित तौर पर उसकी जानकारी चेतन के साथ साझा की थी।
जांच से पता चला है कि सिया और चौधरी कई महीनों से संपर्क में थे और केतन के लोहगढ़ किले की चट्टान से गिरने से एक दिन पहले शहर के एक कैफे में मिले थे। पूछताछ के दौरान, जब दोनों का आमना-सामना कराया गया तो उनकी एकता टूट गई और दोनों ने एक-दूसरे पर हत्या के लिए जिम्मेदार होने का आरोप लगाया। जांचकर्ता अब केतन की मौत से जुड़ी घटनाओं के क्रम का पता लगाने के लिए उनके बयानों, कॉल रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों की जांच कर रही है।