लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस पार्टी के बड़े चेहरे राहुल गांधी जल्द ही बिहार के दौरे पर आने वाले हैं। राहुल गांधी अपने दौरे में पेपरलीक और सीबीएसई परीक्षा में अनियमितता को लेकर पार्टी की तरफ से की जा रही तैयारियों के अनुरूप तय किये कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इस बात की जानकारी कांग्रेस प्रवक्ता स्नेहाशीष वर्धन ने बुधवार को दी।
कांग्रेस प्रवक्ता ने बताया कि नेता विपक्ष राहुल गांधी आगामी 11 जुलाई को पटना आयेंगे। इस दौरान वह नीट और सीबीएसई के परीक्षार्थियों से संवाद करेंगे। राहुल गांधी के राजधानी आगमन को लेकर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय, सदाकत आश्रम में एक अहम बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावारु और प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने की। बैठक में एनएसयूआई, युवा कांग्रेस, कांग्रेस के कनेक्ट सेंटर सहित विभिन्न फ्रंटल प्रकोष्ठों के नेता, कार्यकर्ता शामिल थे।
इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने बताया कि नेता विपक्ष राहुल गांधी के नीट पेपर लीक और सीबीएसई परीक्षा में अनियमितता को लेकर देशव्यापी आंदोलन के तहत छात्रहित में आगामी 11 जुलाई को पटना आगमन प्रस्तावित है। इस बाबत तैयारी समिति की बैठक सम्पन्न हुई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में कार्यक्रम के व्यापकता के लिए विभिन्न मुद्दों पर क्रमवार चर्चा की गयी। उन्होंने बताया कि आगामी बैठक में कार्यक्रम के व्यापक प्रचार प्रसार और कार्यक्रम की रूपरेखा को सार्वजनिक कर दिया जाएगा। इसमें नीट और सीबीएसई के परीक्षार्थियों से देश के नेता विपक्ष राहुल गांधी संवाद करेंगे।