पर्यटन को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में बड़ी पहल, ब्रिटेन में पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने किया बिहार का प्रतिनिधित्व
बिहार को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर प्रमुख स्थान दिलाने और राज्य में विदेशी पर्यटकों एवं निवेश को आकर्षित करने के उद्देश्य से सरकार के पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने लंदन में आयोजित पर्यटन रोड शो में सहभागिता की।

लंदन (यूनाइटेड किंगडम) : बिहार को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर प्रमुख स्थान दिलाने और राज्य में विदेशी पर्यटकों एवं निवेश को आकर्षित करने के उद्देश्य से बिहार सरकार के पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने यूनाइटेड किंगडम के मैनचेस्टर एवं लंदन में आयोजित पर्यटन रोड शो में सहभागिता की। इस अवसर पर बिहार पर्यटन विभाग के निदेशक उदयन मिश्रा सहित विभाग के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। रोड शो के दौरान अंतरराष्ट्रीय पर्यटन क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों, टूर ऑपरेटरों एवं विभिन्न हितधारकों के साथ बिहार में पर्यटन विकास, अंतरराष्ट्रीय सहयोग, निवेश की संभावनाओं और पर्यटन स्थलों के वैश्विक प्रचार-प्रसार को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई।
पर्यटन मंत्री ने कहा- बिहार भगवान बुद्ध और महावीर की पावन धरती होने के साथ-साथ विश्व की प्राचीनतम ज्ञान एवं सांस्कृतिक परंपराओं का केंद्र रहा है
पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने कहा कि बिहार भगवान बुद्ध और महावीर की पावन धरती होने के साथ-साथ विश्व की प्राचीनतम ज्ञान एवं सांस्कृतिक परंपराओं का केंद्र रहा है। बोधगया, राजगीर, नालंदा, वैशाली और पावापुरी जैसे ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन स्थल विश्वभर के पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण रखते हैं। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार का उद्देश्य राज्य की समृद्ध विरासत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाना, पर्यटन के क्षेत्र में निवेश को प्रोत्साहित करना तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित करना है।
पर्यटन मंत्री ने कहा- हमारा लक्ष्य बिहार को विश्व पर्यटन के प्रमुख गंतव्यों में स्थापित करना है
ब्रिटेन में आयोजित इन पर्यटन रोड शो के माध्यम से बिहार की बौद्ध सर्किट, धार्मिक पर्यटन, ऐतिहासिक धरोहरों, सांस्कृतिक परंपराओं एवं उभरते पर्यटन स्थलों की संभावनाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया गया। पर्यटन मंत्री ने कहा कि हमारा लक्ष्य बिहार को विश्व पर्यटन के प्रमुख गंतव्यों में स्थापित करना है। बिहार की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक विरासत हमारी सबसे बड़ी ताकत है। इसे वैश्विक पहचान दिलाने के लिए हम निरंतर प्रयासरत हैं। इस अंतरराष्ट्रीय पहल से बिहार पर्यटन के वैश्विक प्रचार-प्रसार, विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ाने व पर्यटन क्षेत्र में नए निवेश एवं सहयोग के अवसर विकसित होने की संभावनाओं को बल मिलेगा। बिहार पर्यटन-समृद्ध विरासत, असीम संभावनाएं।













