दिल्ली में कपिल सिब्बल से मिले लालू-तेजस्वी, लैंड फॉर जॉब केस को लेकर हुई बात
राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने दिल्ली में वरिष्ठ अधिवक्ता एवं राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल से मुलाकात की है। लालू-तेजस्वी सोमवार की देर रात कपिल सिब्बल के आवास पहुंचे।

नई दिल्ली : राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने दिल्ली में वरिष्ठ अधिवक्ता एवं राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल से मुलाकात की है। लालू-तेजस्वी सोमवार की देर रात कपिल सिब्बल के आवास पहुंचे। दोनों नेताओं की इस मुलाकात को लेकर सियासी गलियारों में चर्चा तेज है। सूत्रों के अनुसार दोनों के बीच नौकरी के बदले जमीन मामले में पैरवी से संबंधित चर्चा हुई।
बातचीत के मुद्दों को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है
हालांकि, बातचीत के मुद्दों को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। बता दें कि सितंबर महीने में दिल्ली की एक अदालत रेलवे में जमीन के बदले नौकरी से जुड़े धनशोधन मामले में राजद नेता लालू प्रसाद यादव और अन्य के खिलाफ आरोपों पर दलीलें नए सिरे से सुनेगी।
विशेष न्यायाधीश प्रशांत कुमार ने कहा- ED के वकील आरोप तय करने के बिंदु पर नए सिरे से दलीलें पेश करने के लिए कुछ समय मांग रहे हैं
विशेष न्यायाधीश प्रशांत कुमार ने कहा था कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) के वकील आरोप तय करने के बिंदु पर नए सिरे से दलीलें पेश करने के लिए कुछ समय मांग रहे हैं। आरोप तय करने के संबंध में दलीलों के लिए तारीख दी गई थी। इससे पहले, विशेष न्यायाधीश विशाल गोगने ने आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने के संबंध में आदेश सुरक्षित रख लिया था। ईडी ने इस साल 16 मार्च को आरोप तय करने के बिंदु पर अपनी दलीलें पूरी की थी।











