संगठन विस्तार के मिशन पर भाजपा, जिलों में उतारे वरिष्ठ पदाधिकारी

संगठन विस्तार के मिशन पर भाजपा, जिलों में उतारे वरिष्ठ पदाधिकारी

संगठन विस्तार के मिशन पर भाजपा, जिलों में उतारे वरिष्ठ पदाधिकारी
swaraj post

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
: Jun 25, 2026, 5:07:00 PM

झारखंड भाजपा ने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से राज्यव्यापी प्रवास अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। पार्टी नेतृत्व ने 26 जून से 30 जून के बीच सभी संगठनात्मक जिलों में वरिष्ठ पदाधिकारियों के 24 घंटे के प्रवास की विस्तृत योजना तैयार की है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद स्थापित करना, संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करना और आगामी रणनीतियों को लेकर जिलों में समन्वय बढ़ाना है।

प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के मार्गदर्शन में तैयार इस अभियान के तहत प्रदेश स्तर के नेताओं और पदाधिकारियों को अलग-अलग जिलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ये नेता निर्धारित जिलों में पहुंचकर संगठन की स्थिति का आकलन करेंगे और स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें करेंगे।

जारी कार्यक्रम के अनुसार प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद को बोकारो, नीलकंठ सिंह मुंडा को रामगढ़, आभा महतो को रांची पूर्वी तथा बालमुकुंद सहाय को साहेबगंज की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं भानू प्रताप शाही को जमशेदपुर महानगर और पूर्वी सिंहभूम, जबकि डॉ. प्रदीप वर्मा को पश्चिमी सिंहभूम एवं सरायकेला-खरसावां का दायित्व सौंपा गया है।

इसके अलावा सुनील सोरेन को गिरिडीह महानगर, मुनेश्वर साहू को गोड्डा और गीता कोड़ा को रांची पश्चिमी जिले में संगठनात्मक गतिविधियों की निगरानी की जिम्मेदारी मिली है। प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह दुमका और देवघर का दौरा करेंगे, जबकि प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्र गढ़वा एवं पलामू में प्रवास करेंगे। अमर कुमार बाउरी को रांची महानगर और पाकुड़, वहीं मनोज सिंह को गुमला, सिमडेगा और धनबाद महानगर की जिम्मेदारी दी गई है।

पार्टी के प्रदेश मंत्रियों में दिलीप वर्मा को धनबाद ग्रामीण, शैलेन्द्र सिंह को चक्रधरपुर, सरोज सिंह को गिरिडीह ग्रामीण, सुनीता सिंह को खूंटी, अमरदीप यादव को चतरा, कृष्णा महतो को जामताड़ा, अमित कुमार सिंह को लोहरदगा, मनीर उरांव को लातेहार तथा शालिनी बैसखियार को कोडरमा जिले का दायित्व सौंपा गया है। वहीं प्रदेश कोषाध्यक्ष दीपक बंका हजारीबाग जिले में संगठनात्मक कार्यक्रमों का नेतृत्व करेंगे।

भाजपा का मानना है कि इस प्रवास अभियान के जरिए जिलों में संगठनात्मक संरचना को और सक्रिय बनाया जाएगा तथा कार्यकर्ताओं और नेतृत्व के बीच संवाद को मजबूती मिलेगी। पार्टी इसे आगामी राजनीतिक गतिविधियों और संगठन विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देख रही है।